मुख्यमंत्री समेत कई नेताओं ने प्रवेश वाही की मां को श्रद्धांजलि अर्पित की

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री समेत कई नेताओं ने प्रवेश वाही की मां को श्रद्धांजलि अर्पित की


मुख्यमंत्री समेत कई नेताओं ने प्रवेश वाही की मां को श्रद्धांजलि अर्पित की


नई दिल्ली, 21 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत कई नेताओं ने दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही की माता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को एक्स पोस्ट में कहा कि महापौर प्रवेश वाही की माताजी के अंतिम संस्कार में सम्मिलित होकर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं प्रवेश वाही और समस्त शोकाकुल परिवार के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने का संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने राज रानी वाही के निधन को दुखद बताते हुए कहा कि इस कठिन घड़ी में उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं।

मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि राज रानी वाही के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। सिरसा ने वाहेगुरु से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवार को इस असीम दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की अरदास की।

दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने महापौर प्रवेश वाही की माताजी के अंतिम संस्कार में सम्मिलित होकर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

महापौर प्रवेश वाही की माता राज रानी वाही का निधन रविवार को रात 8:30 बजे हो गया। महापौर प्रवेश वाही एवं वाही परिवार की ओर से जारी शोक सूचना के अनुसार, राज रानी वाही की अंतिम यात्रा सोमवार सुबह 9:30 बजे उनके निवास डी-277, प्रशांत विहार, पीवीआर के निकट से प्रस्थान करते हुए अंतिम यात्रा सुबह 10:30 बजे निगम बोध घाट पहुंची, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story