व्यापार महोत्सव में शामिल हुई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, कहा सरकार उनके परिश्रम के साथ मजबूती से खड़ी
नई दिल्ली, 14 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शुक्रवार को भारत मंडपम में आयोजित भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 में शामिल हुई। उन्होंने कहा कि व्यापारी और उद्यमी देश की आर्थिक शक्ति मजबूत कर रहे हैं तथा दिल्ली सरकार उनके परिश्रम के साथ मजबूती से खड़ी है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘स्वदेशी’ आज आत्मनिर्भर भारत का आत्मविश्वास बन चुका है। व्यापारी, उद्यमी और एमएसएमई केवल कारोबार नहीं बढ़ा रहे, वे परिवारों की खुशहाली, युवाओं के रोजगार और भारत की आर्थिक शक्ति को मजबूत कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार भी उनके इस परिश्रम के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि सिंगल विंडो सिस्टम, सेल्फ-सर्टिफिकेशन और 'स्वचालित मंजूरी' जैसे सुधारों के जरिए पुरानी जटिल मंजूरी व्यवस्था को सरल बनाया जा रहा है, ताकि व्यापारी का समय दफ्तरों के चक्कर में नहीं, अपने कारोबार और सपनों को आगे बढ़ाने में लगे।
इस अवसर पर सांसद प्रवीण खंडेलवाल, अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भरतिया सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

