मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली के विभिन्न कॉलेजों की छात्र प्रतिनिधियों से की मुलाकात
नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को दिल्ली के विभिन्न कॉलेजों की छात्र प्रतिनिधियों से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी कि आज दिल्ली के विभिन्न कॉलेजों की छात्र प्रतिनिधियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बताया कि इस अनौपचारिक मुलाकात में छात्राओं ने अपने अनुभव साझा किए और कॉलेजों में सुरक्षा, सुविधाओं और बेहतर शिक्षा को लेकर कई अच्छे सुझाव दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा पीढ़ी की सोच, नए विचार और कुछ कर दिखाने का जज्बा सभी को प्रेरित करता है। आज की छात्राएं अपने सपनों के साथ-साथ दिल्ली को बेहतर बनाने के लिए भी आगे आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि छात्राओं के सुझावों पर दिल्ली सरकार प्राथमिकता से काम करेगी। नियमित संवाद के साथ आगामी युवा नीति और बजट की तैयारियों में भी छात्रों की भागीदारी बढ़ाई जाएगी।
रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की हर छात्रा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़े, नेतृत्व करे और अपने सपनों को पूरा करे। छात्रों की सभी चिंता दिल्ली सरकार की जिम्मेदारी है और उनका उज्ज्वल भविष्य सरकार का संकल्प।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

