मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग में किया कन्या पूजन, कक्षा 9 की 1400 छात्राओं को बांटी गईं साइकिलें

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग में किया कन्या पूजन, कक्षा 9 की 1400 छात्राओं को बांटी गईं साइकिलें


मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग में किया कन्या पूजन, कक्षा 9 की 1400 छात्राओं को बांटी गईं साइकिलें


नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शारदीय नवरात्रि के अवसर पर शुक्रवार को शालीमार बाग स्थित सीएम श्री स्कूल में कन्या पूजन किया। कार्यक्रम के दौरान शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाली कक्षा 9 की लगभग 1,400 छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कन्या पूजन के अवसर पर कहा कि कन्या पूजन केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि बेटियों के प्रति सम्मान, समानता और उनके महत्व को स्वीकार करने का संदेश है। भारतीय संस्कृति में बेटियों को शक्ति, ज्ञान, करुणा और समृद्धि का प्रतीक माना गया है। कन्या पूजन की वास्तविक भावना तभी सार्थक होती है, जब समाज बेटियों को सम्मान देने के साथ-साथ उन्हें शिक्षा, सुरक्षा, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने के समान अवसर भी प्रदान करे।

उन्होंने कहा कि बेटियां परिवार का गौरव होने के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के भविष्य की आधारशिला भी हैं। उनकी प्रतिभा को निखारने, उनके सपनों को साकार करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए परिवार, विद्यालय और समाज को मिलकर प्रयास करने चाहिए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि आज के कार्यक्रम के दौरान 1,400 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई है। यह पहल विशेष रूप से कक्षा 9 की छात्राओं को ध्यान में रखकर की गई है, क्योंकि यह उनकी शैक्षणिक यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने कहा कि विद्या वाहिनी योजना के अंतर्गत अब तक दिल्ली में 28,000 साइकिलों का वितरण किया जा चुका है। सरकार का लक्ष्य कुल 1.50 लाख साइकिलें वितरित करने का है।

मुख्यमंत्री ने बेटियों की शिक्षा को निरंतर बनाए रखने में अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यालयों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए और उनकी नियमित स्कूल उपस्थिति सुनिश्चित करनी चाहिए। वहीं, शिक्षकों और विद्यालय प्रमुखों की जिम्मेदारी केवल शिक्षा प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्राओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और अच्छे संस्कार विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि बेटियों का सशक्तीकरण केवल सरकार या विद्यालयों की जिम्मेदारी नहीं है। परिवार और समाज के हर सदस्य को यह सुनिश्चित करने के लिए योगदान देना चाहिए कि कोई बेटी शिक्षा से वंचित न रहे।

उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य छात्राओं के लिए स्कूल तक पहुंच को आसान बनाना, परिवहन संबंधी कठिनाइयों को कम करना और उन्हें अपनी शिक्षा निरंतर जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है। मुख्यमंत्री ने कन्याओं का पूजन कर उनके उज्ज्वल भविष्य, सुख-समृद्धि और सफलता की कामना भी की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762151 Articles

Share this story