नवरात्रि के पहले दिन झंडेवालान मंदिर पहुंचीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, मां भगवती के किए दर्शन

WhatsApp Channel Join Now
नवरात्रि के पहले दिन झंडेवालान मंदिर पहुंचीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, मां भगवती के किए दर्शन


नवरात्रि के पहले दिन झंडेवालान मंदिर पहुंचीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, मां भगवती के किए दर्शन


नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन रविवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने झंडेवालान मंदिर पहुंचकर मां भगवती के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मां के चरणों में दिल्ली सहित समस्त देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां दुर्गा का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति, शक्ति और सदाचार का संदेश देता है। मां के नौ स्वरूप जीवन में साहस, संयम, तपस्या, करुणा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कामना की कि मां भगवती की कृपा से दिल्ली और देश निरंतर प्रगति करें तथा प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख-समृद्धि और सकारात्मकता बनी रहे।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने दिल्ली में अराजकता फैलाने, आम नागरिकों को परेशान करने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिशों पर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन विरोध के नाम पर आम जनता को परेशान करना, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और शहर की सामान्य व्यवस्था बाधित करना उचित नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के हित और विकास से ऊपर अपना स्वार्थ रखने वाले तथा देश की तरक्की से परेशान होने वाले लोगों को सद्बुद्धि मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जो लोग देशहित में आगे नहीं बढ़ सकते और देश की प्रगति में खुशी महसूस नहीं कर सकते, उनसे दिल्लीवासियों का कोई सरोकार नहीं है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा और शहर की सामान्य व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। दिल्ली को बंधक बनाने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी से बचाना और शहर की व्यवस्था बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की जनता के हितों की रक्षा के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story