मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक 25 साल की सेवा पर दिल्ली में विभिन्न जनकल्याणकारी एवं सेवा कार्यक्रमः सत्या शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक 25 साल की सेवा पर दिल्ली में विभिन्न जनकल्याणकारी एवं सेवा कार्यक्रमः सत्या शर्मा


नई दिल्ली, 18 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनकी 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा के अवसर पर स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) मुख्यालय सिविक सेंटर में आशीर्वाद का दीप जलाया। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घ एवं सफल जीवन की कामना की।

स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा बताया कि इस अवसर पर सिविक सेंटर को तिरंगे के रंगों की रोशनी से सजाया गया। एमसीडी मुख्यालय की इमारत तिरंगे की रोशनी से जगमगाती नजर आई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा के अवसर पर दिल्ली में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।

स्थायी समिति अध्यक्ष ने कहा कि जनसेवा और समाज के प्रति जिम्मेदारी के भाव से जोड़ते हुए विभिन्न जनभागीदारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें ‘स्वच्छता ही सेवा’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता, सेवा और नागरिक सहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में जनकल्याण एवं सेवा से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाएगा।

सत्या शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा देश के विकास और जनसेवा के प्रति निरंतर समर्पण की यात्रा रही है। उनके जन्मदिवस के अवसर पर दीप जलाकर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया गया और उनके दीर्घ एवं सफल जीवन की कामना की गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले सेवा एवं जनभागीदारी कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को सकारात्मक रूप से जोड़ना और सेवा भावना को और मजबूत करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story