मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा नानक प्याऊ साहिब में मत्था टेका

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा नानक प्याऊ साहिब में मत्था टेका


नई दिल्ली, 24 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा नानक प्याऊ साहिब पहुंचकर गुरु साहिब के चरणों में शीश नवाया। मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा साहिब में अरदास की और समस्त दिल्लीवासियों तथा देशवासियों के सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य एवं समृद्धि की कामना की।

उन्होंने गुरु नानक देव के जीवन, उनकी महान शिक्षाओं और मानवता के कल्याण के लिए किए गए उनके कार्यों को नमन करते हुए प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, विधायक अशोक गोयल उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज सभी के लिए अत्यंत हर्ष और प्रसन्नता का अवसर है। गुरु नानक देव का जीवन और उनका दर्शन संपूर्ण मानवता के लिए प्रकाश स्तंभ के समान है। उन्होंने ऐसे समय में समाज को सत्य, प्रेम, समानता और मानव सेवा का मार्ग दिखाया, जब सामाजिक भेदभाव और अनेक प्रकार की रूढ़ियां समाज में व्याप्त थीं। गुरु नानक देव ने अपने विचारों और आचरण से यह संदेश दिया कि ईश्वर एक है और उसकी संतान के रूप में सभी मनुष्य समान हैं।

मुख्यमंत्री ने गुरु तेग बहादुर के शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित वर्षभर के कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए बताया कि पिछले वर्ष नवंबर में लाल किले से इन कार्यक्रमों की शुरुआत की गई थी। इस वर्ष 12, 13 और 14 दिसंबर को लाल किले में ही इन आयोजनों का भव्य समापन किया जाएगा। उन्होंने समस्त गुरु संगत, साध संगत और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को इस आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।

मुख्यमंत्री ने कामना की कि गुरु नानक देव का आशीर्वाद सभी के जीवन में सुख, शांति और खुशहाली लेकर आए। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर हम सभी एक ऐसे समाज के निर्माण में योगदान दें, जहां प्रेम, समानता, भाईचारा और मानव सेवा सर्वोपरि हों। उन्होंने सभी से गुरु साहिब की शिक्षाओं को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और सेवा एवं सद्भाव की भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782531 Articles

Share this story