मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 51 बेटियों के पहले करवाचौथ पर एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 51 बेटियों के पहले करवाचौथ पर एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की


नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री जन सेवा के तहत 51 बेटियों को उनके पहले करवाचौथ के अवसर पर एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। मुख्यमंत्री जन सेवा सदन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नवविवाहित बेटियों के साथ उनकी खुशियां साझा कीं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि पहला करवाचौथ हर बेटी के जीवन में बेहद खास होता है। इसी अवसर पर उन्हें 51 बेटियों के पहले करवाचौथ की खुशियों में शामिल होने का अवसर मिला।

मुख्यमंत्री ने बताया कि लाडली फाउंडेशन की ओर से इसी वर्ष मार्च में इन बेटियों का सामूहिक विवाह कराया गया था। उनके पहले करवाचौथ को यादगार बनाने के लिए प्रत्येक बेटी को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने नवदंपतियों के सुखी वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनके जीवन में प्रेम और विश्वास का बंधन हर दिन मजबूत हो। साथ ही, उन्होंने सभी बेटियों के घर-आंगन में सुख, सौभाग्य और समृद्धि बनी रहने की कामना की और उन्हें पहले करवाचौथ की बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने इस आयोजन के लिए लाडली फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में फाउंडेशन के संस्थापक देवेंद्र कुमार सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768414 Articles

Share this story