एमएएमसी में 573.41 करोड़ की लागत से बनेंगे दो नए हॉस्टल : रेखा गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
एमएएमसी में 573.41 करोड़ की लागत से बनेंगे दो नए हॉस्टल : रेखा गुप्ता


नई दिल्ली, 12 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित व्यय वित्त समिति (ईएफसी) की बैठक में मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज (एमएएमसी) परिसर में लड़कों और लड़कियों के लिए दो नए हॉस्टल भवनों के निर्माण को स्वीकृति दी गई है। इस परियोजना की कुल अनुमानित लागत 573.41 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। हॉस्टलों का निर्माण कार्य करीब 36 माह में पूरा किए जाने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने रविवार को समिति के निर्णय की जानकारी देते हुए बताया कि मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में पिछले कुछ वर्षों में छात्रों की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है। पहले जहां प्रति वर्ष 150 छात्रों का प्रवेश होता था, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 250 हो गई है। इस बढ़ोतरी के कारण हॉस्टल सुविधाओं पर दबाव बढ़ा है और वर्तमान में कमरों की कमी के चलते कई छात्रों को साझा आवास में रहना पड़ रहा है, जबकि कुछ छात्रों को हॉस्टल सुविधा से वंचित होना पड़ता है। कॉलेज के मौजूदा हॉस्टल वर्ष 1965 से 1982 के बीच बने थे और इनमें से कई भवन पुराने हो चुके हैं। ऐसे में नए हॉस्टल निर्माण की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आवश्यकता के मद्देनजर नए हॉस्टल ब्लॉक मौजूदा परिसर में विकसित किए जाएंगे। परियोजना के तहत छात्राओं के लिए साइट-ए पर हॉस्टल भवन का निर्माण किया जाएगा, जिसकी लागत 269.19 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। वहीं, छात्रों के लिए साइट-बी पर हॉस्टल भवन का निर्माण किया जाएगा, जिसकी लागत 304.22 करोड़ रुपये होगी। दोनों भवनों में बेसमेंट और सुपर-स्ट्रक्चर के साथ सिविल एवं इलेक्ट्रिकल कार्य शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना के लिए भूमि उपलब्ध है और निर्माण कार्य प्रशासनिक स्वीकृति तथा व्यय स्वीकृति प्राप्त होने के छह माह के भीतर प्रारंभ किया जाएगा। योजना के अनुसार छह माह का समय योजना निर्माण के लिए और 30 माह का समय निर्माण कार्य के लिए निर्धारित किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story