नर्सें अपनी ममता और देखभाल से मरीज को नया जीवन देती हैं : रेखा गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
नर्सें अपनी ममता और देखभाल से मरीज को नया जीवन देती हैं : रेखा गुप्ता


नई दिल्ली, 12 मई (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस की पूर्व संध्या पर सोमवार को लोकनायक जयप्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने अस्पताल के अलग-अलग वार्डों में जाकर नर्सिंग स्टाफ से मुलाकात की और उनके निस्वार्थ सेवा भाव की सराहना की। यह जानकारी मंगलवार को एक विज्ञप्ति के जरिए साझा की गई।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने बेहद आत्मीयता के साथ नर्सों से संवाद करते हुए कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता और संवेदनशीलता की पराकाष्ठा है। डॉक्टर यदि उपचार करते हैं तो नर्सें अपनी ममता और देखभाल से मरीज को नया जीवन देती हैं। कठिन परिस्थितियों में आपका धैर्य हम सभी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने अस्पताल में कार्यरत विभिन्न राज्यों (केरल, राजस्थान, पंजाब आदि) के नर्सिंग स्टाफ से विशेष तौर पर बात की। उन्होंने कहा कि दिल्ली की विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं की सफलता के पीछे देश के कोने-कोने से आए इन जांबाज स्वास्थ्यकर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान है।

मुख्यमंत्री ने संवाद के दौरान बताया कि दिल्ली सरकार ने 27 साल का लंबा इंतजार खत्म करते हुए नर्सिंग इंटर्न्स के स्टाइपेंड में 27 गुना की रिकॉर्ड वृद्धि की है। उनको मिलने वाली राशि 500 रुपये से बढ़ाकर 13,150 कर दी गई है। इस फैसले से 180 नर्सिंग इंटर्न्स को बड़ी राहत मिली है। इसी क्रम में, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए सरकार ने 1,388 नर्सिंग अधिकारियों और 41 पैरामेडिकल स्टाफ को नियुक्ति पत्र भी दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि दिल्ली सरकार स्वास्थ्यकर्मियों के वर्क कल्चर को और बेहतर बनाने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मरीजों की सेवा में दिन-रात समर्पित रहने वाले नर्सिंग स्टाफ का सम्मान करना सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने सभी नर्सों को अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर सेवा भावना के लिए उनका हौसला बढ़ाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story