(अपडेट) दिल्ली की मुख्यमंत्री ने सफाई कर्मचारियों को सुरक्षा और सम्मान का दिया भरोसा

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) दिल्ली की मुख्यमंत्री ने सफाई कर्मचारियों को सुरक्षा और सम्मान का दिया भरोसा


नई दिल्ली, 06 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को मुख्यमंत्री जन सेवा सदन में दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के सफाई कर्मचारी यूनियन की कोर कमेटी के प्रतिनिधियों के साथ अहम संवाद किया।

इस संवाद में अलग-अलग यूनियनों के प्रतिनिधि शामिल हुए और उन्होंने अपने मुद्दे, सुझाव और जमीनी स्तर पर आने वाली दिक्कतों को खुलकर सामने रखा। संवाद के दौरान सफाई कर्मचारियों की भर्ती और नियमितीकरण का मुद्दा प्रमुख रहा। इसके अलावा कर्मचारियों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा की कमी, वेतन से जुड़ी समस्याएं और सेवा से संबंधित अन्य परेशानियों पर भी बात की।

प्रतिनिधियों ने सरकार से मांग की कि सफाई कर्मचारियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलें, उन्हें स्थायी नौकरी दी जाए और उनके काम के मुताबिक उन्हें सम्मानजनक माहौल भी सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि दिल्ली सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है। सफाई कर्मचारी शहर को साफ और व्यवस्थित रखने में अहम भूमिका निभाते हैं इसलिए उनके हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है। कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार ठोस और व्यावहारिक कदम उठाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि यूनियन द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों की समीक्षा कर जरूरी कार्रवाई की जाए ताकि कर्मचारियों को बेहतर काम करने का माहौल, सुरक्षा और सम्मान मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार एक संवेदनशील और जिम्मेदार प्रशासन के रूप में कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करेगी कि सफाई कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा हो और उनके जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आए।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story