मुख्यमंत्री ने की अंगदान अभियान की शुरुआत, अंगदान के लिए भरा संकल्प पत्र

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने की अंगदान अभियान की शुरुआत, अंगदान के लिए भरा संकल्प पत्र


मुख्यमंत्री ने की अंगदान अभियान की शुरुआत, अंगदान के लिए भरा संकल्प पत्र


नई दिल्ली, 17 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुवार को अंगदान संकल्प अभियान की शुरुआत की। इस पहल का उद्देश्य अंगदान को बढ़ावा देना, प्रत्यारोपण (ट्रांसप्लांट) सेवाओं को मजबूत करना और नागरिकों को अंगदान का संकल्प लेने के लिए प्रोत्साहित करना है। मुख्यमंत्री ने स्वयं अगंदान की घोषणा की और इसके लिए संकल्प पत्र भी भरा।

दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से दिल्ली सचिवालय में इस अवसर पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें एक पोर्टल लॉन्च किया गया। इसके द्वारा दिल्ली के नागरिक अंगदान संकल्प अभियान से ऑनलाइन जुड़कर अंगदान का संकल्प कर सकते हैं। दिल्ली सरकार ने इसके लिए पोर्टल (https://cfwcst.delhi.gov.in/dhb/OrganTissuePledge.aspx) उपलब्ध कराया है। पोर्टल पर पंजीकरण करने के बाद डिजिटल प्रतिज्ञा प्रमाण-पत्र स्वतः तैयार हो जाता है, जिसे नागरिक डाउनलोड कर सकते हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अंगदान सेवा संकल्प की सच्ची भावना को दर्शाता है। एक व्यक्ति के इस उदार और नेक संकल्प से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने दिल्लीवासियों से इस अभियान में सक्रिय भागीदार बनने और अंगदान का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि अंगदान का यह अभियान प्रत्यारोपण का इंतजार कर रहे मरीजों को जीवन की नई उम्मीद देने के साथ-साथ समाज में अंगदान के उद्देश्य को भी नई दिशा देने की क्षमता रखता है। नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से अंगदान को जनता की भागीदारी वाला आंदोलन बनाया जा सकता है।

अंगदान और अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण के बेहतर समन्वय तथा अंग एवं ऊतक (टिश्यू) दान को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली सरकार ने जीबी पंत अस्पताल में स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन (एसओटीटीओ) को भी कार्यशील किया है। इसके माध्यम से दिल्ली में अंग और ऊतक दान से जुड़ी गतिविधियों के समन्वय और उन्हें बढ़ावा देने को मजबूत किया जाएगा। अंगदान प्रतिज्ञा अभियान के तहत सेवा संकल्प अभियान की भावना के अनुरूप नागरिकों तक पहुंचने के लिए विभिन्न माध्यमों का इस्तेमाल किया जाएगा। इनमें डिजिटल प्लेटफॉर्म, जागरूकता अभियान, शिक्षण संस्थान, स्वास्थ्य सुविधाएं और सामुदायिक स्तर की गतिविधियां शामिल हैं। इस पहल का उद्देश्य अंगदान को केवल जागरूकता तक सीमित न रखते हुए इसे जनता की भागीदारी वाला आंदोलन बनाना है, ताकि अधिक से अधिक नागरिक अंगदान के लिए आगे आएं और इस जीवनदायी पहल में अपना योगदान दें।

इस अवसर पर दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि सेवा पखवाड़े के तहत दिल्ली में समर्पित ऑर्गन डोनेशन प्लेज पोर्टल लॉन्च किया गया है, जिसका उद्देश्य अंगदान प्रक्रिया को अधिक सुलभ बनाना और इसमें अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री ने स्वयं अंगदान का संकल्प लेते हुए एसओटीटीओ की वेबसाइट पर पंजीकरण कराने वाली प्रथम पंजीकरणकर्ता बनकर दिल्लीवासियों के सामने एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। जीबी पंत अस्पताल में एसओटीटीओ के संचालन के साथ दिल्ली में अंग एवं ऊतक दान के समन्वय और प्रोत्साहन को और मजबूत किया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे आगे आएं, अंगदान का संकल्प लें और इस नेक पहल का हिस्सा बनें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story