मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता 'भारत आविष्कार 2026' हैकथॉन कार्यक्रम में हुई शामिल

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता 'भारत आविष्कार 2026' हैकथॉन कार्यक्रम में हुई शामिल


नई दिल्ली, 28 मार्च (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शनिवार को “भारत आविष्कार 2026” विश्व के सबसे बड़े हैकथॉन कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस आयोजन में देशभर से आए युवा इनोवेटर्स ने अपने अभिनव विचारों से सभी का ध्यान आकर्षित किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि कार्यक्रम में प्रस्तुत किए गए आइडियाज केवल तकनीकी क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि शहरी विकास, लोकतंत्र की मजबूती और सामाजिक सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी व्यावहारिक और प्रभावी समाधान सामने आए।

मुख्यमंत्री ने युवाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नई पीढ़ी में विचारों को नवप्रवर्तन में और नवप्रवर्तन को वास्तविक प्रभाव में बदलने की अद्भुत क्षमता है। उन्होंने “दिल्ली 2.0” की अपनी परिकल्पना साझा करते हुए एक ऐसी राजधानी के निर्माण पर जोर दिया, जो नवाचार से प्रेरित, समावेश से सशक्त और तकनीक के साथ-साथ विश्वास को भी समान महत्व देने वाली हो।

उन्होंने कहा कि युवाओं का उत्साह, कौशल और संकल्प ही भारत की सबसे बड़ी पूंजी है, जो देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर दिल्ली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, कार्यक्रम के संयोजक एवं पार्षद शशि यादव सहित कई गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story