मुख्यमंत्री ने शालीमार बाग में सीवर लाइन, ड्रेनेज एवं सड़क कार्यों का किया उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने शालीमार बाग में सीवर लाइन, ड्रेनेज एवं सड़क कार्यों का किया उद्घाटन


नई दिल्ली, 27 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण और उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी के हर क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने पीतमपुरा के पीयू ब्लॉक में नई सीवर लाइन बिछाने के कार्य का उद्घाटन किया। इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र के निवासियों को वर्षों पुरानी सीवर संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी और स्वच्छ और सुचारु जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित होगी। साथ ही, क्यूयू ब्लॉक में सड़कों एवं नालियों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया, जिससे स्थानीय स्तर पर जलभराव की समस्या का समाधान होगा।

मुख्यमंत्री ने आउटर रिंग रोड, पीतमपुरा पर एसयू-टीयू-एमयू, टीयू-एसयू-यूयू और एलयू-क्यूयू की सड़कों के सुदृढ़ीकरण कार्य का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा शहरी बुनियादी ढांचा और अधिक मजबूत होगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए ताकि आम जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार सीवर, सड़क, ड्रेनेज और शहरी बुनियादी ढांचे के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दे रही है, जिससे राजधानी के प्रत्येक क्षेत्र में स्वच्छता, सुगमता और बेहतर जीवन स्तर सुनिश्चित हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story