मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने डीएम ऑफिस में ‘सिटिजन लाउंज-कम-न्यू एज लर्निंग सेंटर’ का किया उद्घाटन
नई दिल्ली, 16 जून (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) कार्यालय परिसर में स्थापित ‘सिटिजन लाउंज-कम-न्यू एज लर्निंग सेंटर’ का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह पहल नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने, प्रशासनिक सेवाओं को अधिक जनहितकारी बनाने तथा युवाओं के लिए सीखने और विकास के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आधुनिक सिटिजन लाउंज, लाइब्रेरी एवं रीडिंग कॉर्नर तथा नव-निर्मित शौचालय ब्लॉक का अवलोकन किया। उन्होंने इस पहल को सुशासन और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि प्रशासनिक कार्यालयों में आने वाले नागरिकों को सम्मानजनक, सुविधाजनक और सकारात्मक अनुभव मिलना चाहिए और यही दिल्ली सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल एक वेटिंग लाउंज या लाइब्रेरी नहीं, बल्कि नई सोच और बेहतर प्रशासन का प्रतीक है। यहां आसपास की बस्तियों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के बच्चे भी आकर अध्ययन कर सकेंगे और ऐसी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे, जो सामान्यतः उनके लिए सहज उपलब्ध नहीं होतीं। उन्होंने कहा कि जब सरकार, प्रशासन और सीएसआर के तीनों स्तंभ एक साथ आते हैं, तब किसी भी शहर के विकास और नव-निर्माण की मजबूत नींव तैयार होती है। डीएम कार्यालय में स्थापित यह सिटिजन लाउंज उसी समन्वित प्रयास का सशक्त उदाहरण है।
रेखा गुप्ता ने कहा कि यह सिटिजन लाउंज भविष्य में केवल प्रतीक्षालय तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि युवाओं और विद्यार्थियों के लिए एक ज्ञान एवं कौशल विकास केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां कानून, प्रशासन, करियर मार्गदर्शन, प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य विषयों से संबंधित पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही, डिजिटल संसाधनों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए कंप्यूटर भी स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि समय-समय पर करियर काउंसलिंग सत्र, स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम, एक्सपर्ट टॉक, मार्गदर्शन कार्यशालाएं और युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे युवाओं को नई जानकारी, कौशल विकास और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को समझने का अवसर प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिटिजन लाउंज में आने वाले नागरिकों के लिए एसी वेटिंग रूम, आरामदायक बैठने की व्यवस्था, समाचार पत्र, पुस्तकें एवं पत्रिकाओं सहित रीडिंग कॉर्नर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, बच्चों और अन्य आगंतुकों को अपनी बारी की प्रतीक्षा के दौरान स्वच्छ, व्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण मिलेगा।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि गुड गवर्नेंस का अर्थ केवल योजनाएं तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को सम्मानजनक और सहज सेवाएं उपलब्ध कराना भी है। डीएम कार्यालय में आने वाला प्रत्येक व्यक्ति बेहतर सुविधा और सकारात्मक अनुभव लेकर जाए।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने डिविजनल कमिश्नर, जिला प्रशासन, एलान ग्रुप तथा इस पहल से जुड़े सभी अधिकारियों एवं सहयोगियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे प्रयास दिल्ली को अधिक संवेदनशील, समावेशी और नागरिक-केंद्रित राजधानी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

