मुख्यमंत्री शुक्रवार को 200 ईवी बसों और दिल्ली-रोहतक बस सेवा को हरी झंडी दिखाएंगी

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री शुक्रवार को 200 ईवी बसों और दिल्ली-रोहतक बस सेवा को हरी झंडी दिखाएंगी


नई दिल्ली, 16 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शुक्रवार को 200 नई इलेक्ट्रिक बसों और दिल्ली-रोहतक अंतरराज्यीय इलेक्ट्रिक बस सेवा को हरी झंडी दिखाएंगी। इसके साथ मदनपुर खादर बस टर्मिनल और पूर्वी विनोद नगर डिपो के आधुनिक प्रशासनिक भवन का भी उद्घाटन करेंगी।

दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि राजधानी दिल्ली तेजी से एक हरित और भविष्य की जरूरतों के लिए तैयार सार्वजनिक परिवहन प्रणाली की ओर आगे बढ़ रही है। दिल्ली परिवहन निगम के बेड़े में 200 नई इलेक्ट्रिक बसों का शामिल होना, दिल्ली–रोहतक अंतरराज्यीय बस सेवा की शुरुआत और मदनपुर खादर बस टर्मिनल के साथ ईस्ट विनोद नगर डिपो का प्रशासनिक भवन जैसी इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी विकास परियोजनाएं हमारी सतत गतिशीलता और यात्रियों के बेहतर अनुभव के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में नई सरकार बनने के बाद से लेकर अब तक करीब 2184 इलेक्ट्रिक बसों को डीटीसी के बेड़े में शामिल किया जा चुका है। इस नई 200 बसों की बढ़ोतरी के साथ डीटीसी प्लीट की कुल संख्या बढ़कर लगभग 6300 बसों तक पहुंच जाएगी, जिसमें 4538 इलेक्ट्रिक बसें और 1759 सीएनजी की बसें शामिल हैं। राजधानी दिल्ली पहले ही देश में सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक बस बेड़ा बनने का गौरव हासिल कर चुकी है।

मंत्री ने बताया कि दिल्ली में अभी इलेक्ट्रिक मोबिलिटी पर आधारित एक व्यवस्थित और समयबद्ध प्लीट विस्तार योजना प्रगति पर है। इस योजना के तहत वित्त वर्ष 2028–29 तक राजधानी दिल्ली में कुल बसों का बेड़ा बढ़ाकर लगभग 14000 तक करने का लक्ष्य है, जिससे सस्टेनेबल शहरी परिवहन के क्षेत्र में दिल्ली की अग्रणी भूमिका और ज्यादा मजबूत होगी। नई शामिल की जाने वाली बसें लो-फ्लोर और एयर-कंडीशन्ड हैं, जिनमें सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन, रियल-टाइम ट्रैकिंग सिस्टम के साथ ही दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव सुनिश्चित करती हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली और रोहतक के बीच एक नई अंतरराज्यीय इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू की जाएगी। यह डीटीसी की पहले से संचालित उन अंतरराज्यीय इलेक्ट्रिक बस सेवाओं को आगे बढ़ाती है, जो राजधानी दिल्ली को बड़ौत (उत्तर प्रदेश), दिल्ली-सोनीपत, दिल्ली-धारूहेड़ा और दिल्ली-पानीपत (हरियाणा) से जोड़ती हैं। साथ ही यह नानकसर (दिल्ली) को यूपी के गाजियाबाद के पुराने बस स्टैंड से भी जोड़ती है, जिससे सतत क्षेत्रीय गतिशीलता को बेहद मजबूती मिलती है।

मंत्री ने बताया कि दिल्ली से रोहतक रूट आईएसबीटी कश्मीरी गेट और पीरागढ़ी चौक से होकर गुजरेगा, जिसमें टिकरी बॉर्डर, बहादुरगढ़, रोहद, सांपला और रोहतक बस स्टैंड जैसे प्रमुख पड़ाव शामिल होंगे। यह सेवा दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के बीच 'संयुक्त पारस्परिक सामान्य परिवहन' समझौते के तहत संचालित की जाएगी और प्रारंभिक चरण में प्रायोगिक आधार पर संचालित होगी। उन्होंने कहा कि इस सेवा विस्तार के साथ-साथ कालिंदी कुंज मेट्रो स्टेशन के पास मदनपुर खादर में एक नया बस टर्मिनल बनाया गया है, जिसमें यात्रियों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं, दिव्यांगजनों के लिए सुलभ रैंप और पर्यावरण के अनुकूल डिज़ाइन के साथ कई अन्य सुविधाएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, ईस्ट विनोद नगर डिपो में एक आधुनिक प्रशासनिक भवन का भी उद्घाटन किया जाएगा, जो परिचालन क्षमता और कर्मचारियों की सुविधाओं को और बेहतर बनाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story