रेखा गुप्ता ने राष्ट्र सेविका समिति की वरिष्ठ कार्यकर्ता रुक्मिणी अक्का के निधन पर जताया शोक
नई दिल्ली, 22 मई (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राष्ट्र सेविका समिति की पूर्व अखिल भारतीय सह कार्यवाहिका रुक्मिणी अक्का के निधन पर दुख जताया।
रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को एक्स पर पोस्ट कर शोक जताते हुए कहा कि राष्ट्र सेविका समिति की पूर्व अखिल भारतीय सह कार्यवाहिका रुक्मिणी अक्का के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्रभाव, सेवा और संगठन के कार्यों को समर्पित किया। उनके व्यक्तित्व में संवेदनशीलता, अनुशासन और मातृशक्ति के उत्थान का अद्भुत समन्वय था। समाज और संगठन के प्रति उनका योगदान सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा समस्त सेविका समिति परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्र सेविका समिति की पूर्व अखिल भारतीय सहकार्यवाहिका रुक्मिणी अक्का (98) का गुरुवार रात बेंगलुरु स्थित उनके निवास स्थान पर निधन हो गया। वह आयु संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। आज दोपहर एक बजे तक उनके निवास पर पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए जा सकेंगे। इसके बाद हरिश्चंद्र घाट रुद्रभूमि में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

