नॉर्थ ईस्ट की युवतियों के साथ हुई घटना की मुख्यमंत्री ने की निंदा, बोलीं- हर बेटी की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी
नई दिल्ली, 25 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मालवीय नगर में नॉर्थ ईस्ट की युवतियों के साथ हुई घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को एक्स पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा कि दिल्ली हर किसी की है। यहां हर नागरिक की गरिमा, सम्मान और सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं अरुणाचल प्रदेश की युवतियों से मिलेंगी। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी जिम्मेदारी से कानूनी कार्रवाई कर रही है और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई हो। किसी भी बेटी को तंग करना, भेदभाव करना या अपमानित करना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम सब एक हैं और हर बेटी की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी है।
पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपी रूबी जैन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने महिला के पति हर्ष को भी हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि आरोपितों से पूछताछ चल रही है और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों को खंगाला जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि 20 फरवरी की दोपहर करीब 3:30 बजे अरुणाचल प्रदेश की युवतियां अपने फ्लैट में एसी इंस्टॉलेशन का कार्य करा रही थी। इसके लिए ड्रिलिंग मशीन से काम चल रहा था। इस वजह से कुछ मलबा व धूल नीचे फ्लोर पर गिर गया। इसे लेकर उस फ्लोर पर रहने वाले हर्ष सिंह व उनकी पत्नी रूबी जैन ने ऊपर आकर आपत्ति जताई। आरोप है कि इस दौरान दंपति ने युवतियों के खिलाफ नस्लीय टिप्पणी करते हुए उन्हें काफी भला बुरा कहा। दोनों तरफ से विवाद बढ़ने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पुलिसकर्मी के पहुंचने के बाद भी दोनों तरफ से विवाद जारी रहा। युवतियों की तरफ से दी गई शिकायत में कहा गया है कि दंपती ने गाली गलौज की और उनके उत्तर-पूर्वी मूल को लेकर नस्लीय व अपमानजनक टिप्पणियां की, उन्हें धमकाया भी गया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

