मुख्यमंत्री ने सीबीएसई की 10वीं की परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को दी बधाई

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने सीबीएसई की 10वीं की परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को दी बधाई


नई दिल्ली, 15 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) कक्षा 10वीं (सत्र-1) की परीक्षा में सफल होने वाले दिल्ली के सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि आज दिल्ली के विद्यार्थियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से हम सभी का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। आपकी यह सफलता आपकी कड़ी मेहनत, समर्पण और अटूट लगन का परिणाम है। इस उपलब्धि का बड़ा श्रेय विद्यार्थियों के शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के निरंतर सहयोग को भी जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘प्यारे विद्यार्थियों, अपनी इस ऊर्जा, अनुशासन और प्रतिभा को इसी प्रकार बनाए रखें तथा उज्ज्वल भविष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ते रहें।‘ जिन छात्रों को इस बार मन मुताबिक सफलता नहीं मिल पाई, वे निराश न हों। आत्मविश्वास के साथ दोबारा प्रयास करें, सफलता अवश्य मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि सीबीएसई कक्षा 10वीं में इस साल कुल 93.70 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए, जो पिछले वर्ष के 93.66 प्रतिशत की तुलना में 0.04 प्रतिशत की मामूली वृद्धि दर्शाता है। बोर्ड के अनुसार इस वर्ष 24,83,479 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 24,71,777 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए और 23,16,008 छात्र-छात्राएं सफल घोषित किए गए। परीक्षा का आयोजन 17 फरवरी से 11 मार्च 2026 तक किया गया था। दिल्ली पश्चिम और दिल्ली पूर्व क्षेत्र का पास प्रतिशत क्रमशः 97.45 और 97.33 रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story