गांधी जयंती पर मंत्री आशीष सूद ने जनकपुरी में चलाया स्वच्छता एवं पौधारोपण अभियान

WhatsApp Channel Join Now
गांधी जयंती पर मंत्री आशीष सूद ने जनकपुरी में चलाया स्वच्छता एवं पौधारोपण अभियान


नई दिल्ली, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने शुक्रवार को पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी स्थित पंखा रोड क्षेत्र में ‘डंक द जंक’ के संदेश के साथ स्वच्छता, पौधारोपण एवं जनजागरूकता अभियान चलाया। दिल्ली नगर निगम के सहयोग से आयोजित इस अभियान में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के छात्रों और स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी की।

अभियान का उद्देश्य क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और दिल्ली को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करना था।

अभियान के दौरान शिवाजी कॉलेज के एनएसएस और एनसीसी के छात्रों ने भी हिस्सा लिया। छात्रों से संवाद करते हुए मंत्री आशीष सूद ने उनसे परिचय प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि वह भी दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र रहे हैं और दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। उन्होंने जानकारी दी कि 17 अक्टूबर तक चलने वाले स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत पूरी दिल्ली में 313 स्थानों से संवेदनशील कूड़े का निस्तारण किया जाएगा।

दिल्ली नगर निगम के सहयोग से पंखा रोड स्थित गोल्ड जिम के पास और नारंग कॉलोनी क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों की सफाई के साथ स्थानीय नागरिकों को कचरे के उचित निस्तारण और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक किया गया।

नारंग कॉलोनी स्थित पार्क में मंत्री आशीष सूद ने पौधारोपण किया और उपस्थित नागरिकों को संबोधित किया। इस अवसर पर दिल्ली नगर निगम के प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। नाटक में सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और पर्यावरण की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी तथा नागरिक सहभागिता के महत्व को रेखांकित किया गया।

इसी क्रम में जनकपुरी के पंखा रोड से नारंग कॉलोनी होते हुए चंदर नगर तक ‘स्वच्छ ज्ञान यात्रा’ निकाली गई। इस दौरान निगम की सफाई टीमों ने मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में सफाई की। साथ ही नागरिकों को कचरे के उचित निस्तारण और अपने आसपास के क्षेत्रों को निरंतर स्वच्छ बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर आशीष सूद ने कहा कि दिल्ली नगर निगम की ओर से ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत स्वच्छता मानकों को और सुदृढ़ करने तथा नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ दिल्ली के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाने के उद्देश्य से दिल्ली के सभी 12 जोनों में विभिन्न स्वच्छता एवं जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ दिल्ली के निर्माण के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता जरूरी है। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, कचरे का उचित निस्तारण करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की। साथ ही स्वच्छ एवं हरित दिल्ली के निर्माण में योगदान देने की अपील की।

इस अवसर पर क्षेत्रीय निगम पार्षद उर्मिला चावला, पश्चिमी क्षेत्र के उपायुक्त कर्नल विनोद अत्री सहित दिल्ली नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story