सेवा संकल्प अभियान के तहत कमला नेहरू पार्क में चला स्वच्छता अभियान
नई दिल्ली, 01 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को रोहतास नगर स्थित कमला नेहरू पार्क में स्वच्छता एवं सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता डॉ. अनिल गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने श्रमदान कर पार्क की साफ-सफाई की। अभियान के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संदेश दिया गया।
अभियान में रोहतास नगर के विधायक जितेंद्र महाजन और पार्षद रितेश सूजी भी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने सामूहिक रूप से श्रमदान कर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। इस दौरान लोगों से अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।
इस अवसर पर डॉ. अनिल गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक दिन या अभियान तक सीमित रहने वाला विषय नहीं है, बल्कि यह सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। पार्क, सड़क, बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थान तभी स्वच्छ रह सकते हैं, जब प्रत्येक नागरिक अपनी भूमिका निभाए। उन्होंने लोगों से कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियानों में जनभागीदारी और श्रमदान की महत्वपूर्ण भूमिका है। नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ और सुंदर वातावरण का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने स्वच्छता, श्रमदान और जनभागीदारी को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा स्वच्छ एवं सुंदर रोहतास नगर के निर्माण का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

