स्वच्छ दिल्ली ही विकसित भारत की आधारशिला : विजेंद्र गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
स्वच्छ दिल्ली ही विकसित भारत की आधारशिला : विजेंद्र गुप्ता


नई दिल्ली, 17 जून (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि स्वच्छ दिल्ली विकसित भारत की आधारशिला है और स्वच्छता प्रत्येक नागरिक की दैनिक प्रतिबद्धता बननी चाहिए। यह बात विजेंद्र गुप्ता ने बुधवार को चांदनी चौक स्थित जैन लाल मंदिर एवं गौरी शंकर मंदिर में स्वच्छता अभियान का नेतृत्व करते हुए तथा श्रमदान करते हुए कही। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा था।

स्वच्छता अभियान का नेतृत्व करते हुए विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ का लक्ष्य केवल स्वच्छता और नागरिक उत्तरदायित्व के मार्ग पर चलकर ही प्राप्त किया जा सकता है। ‘स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ के संदेश को दोहराते हुए उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा इसे दैनिक आदत के रूप में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता एवं गरिमा बनाए रखने में प्रत्येक व्यक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा राष्ट्रीय राजधानी को स्वच्छ बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर विजेंद्र गुप्ता ने अभियान की मार्गदर्शक भावना “मेरी दिल्ली, स्वच्छ दिल्ली; मेरी दिल्ली, स्वस्थ दिल्ली; मेरी दिल्ली, पर्यावरण-अनुकूल दिल्ली; मेरी दिल्ली, प्रदूषण-मुक्त दिल्ली” के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विश्व के सर्वाधिक जनसंख्या घनत्व वाले शहरी केंद्रों में से एक होने के साथ-साथ प्रतिदिन 50 लाख से अधिक लोगों की आवाजाही के कारण दिल्ली अनेक विशिष्ट नागरिक एवं पर्यावरणीय चुनौतियों का सामना करती है। इन चुनौतियों का समाधान केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनसहभागिता, व्यवहार परिवर्तन और निरंतर सामूहिक प्रयासों से ही संभव है।

इस कार्यक्रम में दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की उपमहापौर डॉ. मोनिका पंत भी विशेष रूप से उपस्थित रही। उन्होंने भी स्वच्छता अभियान में भाग लेते हुए नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण एवं सार्वजनिक स्वच्छता के लिए सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। इस अभियान ने नागरिक नेतृत्व वाले प्रयासों के महत्व को रेखांकित किया, जो नागरिक अवसंरचना को सुदृढ़ करने, शहरी जीवन स्तर में सुधार लाने तथा शहर को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने के प्रति लोगों में सहभागिता की भावना विकसित करने में सहायक हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story