दिल्ली सफाई कर्मचारी आयोग की अध्यक्ष पश्चिमी जोन में सफाई व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचीं
नई दिल्ली, 08 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली सफाई कर्मचारी आयोग, जीएनसीटीडी की अध्यक्ष सुनीता कांगड़ा ने गुरुवार को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के पश्चिमी जोन का दौरा कर सफाई व्यवस्था और सफाई कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सफाई विभाग की ओर से किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया और कर्मचारियों के कल्याण से संबंधित विषयों पर अधिकारियों एवं यूनियन प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की।
समीक्षा बैठक की सह-अध्यक्षता पश्चिमी जोन के अध्यक्ष हरीश ओबेरॉय और उपायुक्त कर्नल विनोद अत्री ने की। बैठक में सहायक आयुक्त, सफाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न सफाई कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान सफाई कर्मचारियों के नियमितीकरण, लंबित बकाया, चिकित्सा सुविधाओं और अन्य सेवा संबंधी मामलों पर विस्तार से चर्चा हुई। यूनियन प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को आयोग के समक्ष रखा, जिन पर अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया गया।
सुनीता कांगड़ा ने पश्चिमी जोन में सफाई व्यवस्था में सुधार और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने जोन में अपनाई जा रही बेहतर कार्यप्रणालियों और विभिन्न पहलों को अन्य जोन के साथ साझा करने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि सफल मॉडलों को व्यापक स्तर पर लागू किया जा सके।
आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि सफाई सेवाओं को प्रभावी बनाने और सफाई कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े उपायों को बेहतर तरीके से लागू करने के लिए प्रशासन, कर्मचारियों और उनके प्रतिनिधियों के बीच निरंतर समन्वय जरूरी है।
दौरे के दौरान सुनीता कांगड़ा ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के तहत पश्चिमी जोन परिसर में पौधारोपण भी किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए स्वच्छ और हरित दिल्ली के निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।
बैठक के अंत में सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने, सफाई कर्मचारियों के कल्याण में सुधार लाने तथा एमसीडी के विभिन्न जोन में बेहतर कार्यप्रणालियों को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

