सीसीटीवी फुटेज ने खोला घर में चोरी का राज, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सीसीटीवी फुटेज ने खोला घर में चोरी का राज, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार


सीसीटीवी फुटेज ने खोला घर में चोरी का राज, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार


नई दिल्ली, 09 सितंबर (हि.स.)। कालिंदी कुंज थाना पुलिस ने जैतपुर एक्सटेंशन की खड्डा कॉलोनी में घर में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान इस्माइल (22) निवासी अलीया फार्म, बसंतपुर गांव, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के गहने और नकदी बरामद की है। चोरी का सामान खरीदने के आरोप में पुलिस ने जाकिर नगर निवासी अनीश (27) को भी गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, पांच सितंबर को जैतपुर एक्सटेंशन की खड्डा कॉलोनी निवासी रहीश ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए थे। इसी दौरान शाम करीब 4:15 बजे उनके घर में चोरी हो गई। चोर खिड़की के ऊपर लगे कांच के पैनल को खोलकर घर में दाखिल हुआ था। घर से तीन सोने की अंगूठियां, एक सोने का नेकलेस सेट, 20 हजार रुपये, दो जोड़ी चांदी की पायल और एक जोड़ी बालियां चोरी हुई थीं।

शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के साथ तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची।

पुलिस को आठ सितंबर को इस्माइल के बारे में पुख्ता सूचना मिली। इसके बाद टीम ने अलीया फार्म, बसंतपुर टोल के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि चोरी के गहने उसने जाकिर नगर निवासी अनीश को 38 हजार रुपये में बेच दिए थे।

इसके बाद पुलिस ने इस्माइल की निशानदेही पर अनीश को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस्माइल के कब्जे से एक जोड़ी सोने की बालियां, एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी चांदी की पायल और 2,490 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस चोरी हुए अन्य सामान की बरामदगी के लिए पूछताछ कर रही है।

पुलिस के अनुसार, इस्माइल पहले भी चार आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।

वहीं, सरिता विहार थाना पुलिस ने सड़क हादसे के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान भजनपुरा निवासी सैफी (27) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2021 में भजनपुरा थाने में सैफी के खिलाफ सड़क हादसे का मामला दर्ज किया गया था। उस पर लापरवाही से वाहन चलाने और गंभीर चोट पहुंचाने के साथ मोटर वाहन अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज था। मामले की सुनवाई के दौरान आरोपी फरार हो गया और अदालत के समन व वारंट के बावजूद गिरफ्तारी से बचता रहा।

29 जुलाई 2026 को अदालत ने सैफी को घोषित अपराधी घोषित कर दिया था। इसके बाद सरिता विहार थाना पुलिस ने तकनीकी निगरानी, स्थानीय सत्यापन और विभिन्न ठिकानों पर दबिश देकर उसकी तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि फरार और घोषित अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story