बोरगांव पुल के पास यात्री बस व ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में 12 यात्री घायल

WhatsApp Channel Join Now
बोरगांव पुल के पास यात्री बस व ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में 12 यात्री घायल


कोंडागांव, 10 अगस्त (हि.स.)। कोंडागांव जिले में नेशनल हाईवे-30 पर सोमवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बोरगांव पुल के पास रॉयल यात्री बस और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस में सवार 12 से यात्री घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार हादसा सोमवार दोपहर 2:30 बजे हुआ।निजी रॉयल यात्री बस यात्रियों को लेकर एनएच-30 से गुजर रही थी। इसी दौरान बोरगांव पुल के पास सामने से आ रहे ट्रक से बस की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला और उपचार के लिए फरसगांव अस्पताल भेजा।

अस्पताल में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। इनमें से कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल कोंडागांव रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे के बाद एनएच-30 पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। दोनों वाहनों की गति, चालक की संभावित लापरवाही, सड़क की स्थिति और अन्य परिस्थितियों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story