बस ने बाइक सवार को मारी टक्कर, मौत

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (हि.स.)। वसंत कुंज में फोर्टिस अस्पताल के पास शनिवार को डीटीसी बस की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। आरोप है कि छतरपुर की ओर से तेज गति और लापरवाही से आ रही नीले रंग की बस ने बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद बस बाइक सवार को कुचलते हुए महिपालपुर की ओर फरार हो गई। पुलिस ने अज्ञात बस चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर को फोर्टिस अस्पताल के पास मसूदपुर की ओर जाने वाली सड़क पर हादसा हुआ। बाइक सवार अपने गंतव्य की ओर जा रहा था। इसी दौरान छतरपुर की तरफ से आ रही डीटीसी बस ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार सड़क पर गिर गया और बस उसे कुचलते हुए निकल गई। हादसे के बाद चालक बस लेकर महिपालपुर की तरफ भाग गया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान और उम्र के संबंध में पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है। घटनास्थल पर क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने निरीक्षण किया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं।

वसंत कुंज साउथ थाने में प्राथमिकी संख्या 618/2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है, ताकि दुर्घटना में शामिल बस की पहचान की जा सके। साथ ही फरार चालक का पता लगाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763187 Articles

Share this story