स्कूल परिसर में गार्ड रूम के पीछे मिला छात्रा का जल हुआ शव

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्वी दिल्ली के कृष्णा नगर स्थित एक स्कूल में 12वीं कक्षा की करीब छात्रा (18) का जला हुआ शव मिला। शव स्कूल परिसर में गार्ड रूम के पीछे जली हुई हालत में मिली। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि छात्रा किन परिस्थितियों में जली।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार को कृष्णा नगर के एक स्कूल में आग लगने की सूचना को लेकर पीसीआर कॉल मिली थी। सूचना मिलते ही कृष्णा नगर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां स्कूल के गार्ड रूम के पीछे करीब 18 साल की छात्रा जली हुई हालत में मिली। वह 12वीं कक्षा में पढ़ती थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और जांच से जुड़े जरूरी कदम उठाए।

शुरुआती जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से कुछ सामान मिला। छात्रा के स्कूल बैग की भी जांच की गई, जिसमें से कुछ सामग्री बरामद हुई है। इन वस्तुओं की जांच के जरिए घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। साक्ष्य जुटाने और घटनास्थल की बारीकी से जांच के लिए क्राइम टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके का निरीक्षण कर जरूरी सबूत जुटाए।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि छात्रा किन परिस्थितियों में जली और स्कूल परिसर में उसके साथ क्या हुआ था। पुलिस घटना से पहले की परिस्थितियों और मौके से मिले साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766185 Articles

Share this story