भाजपा नेताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा नेताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की


भाजपा नेताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की


नई दिल्ली, 15 नवंबर (हि.स.)। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उनके चित्र पर माल्यार्पण करके पुष्पांजलि अर्पित की।

इस कार्यक्रम में दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा सहित सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, प्रदेश पदाधिकारी राजेश भाटिया, प्रवीण शंकर कपूर, रंजीत कश्यप, नरेश वशिष्ठ, मनोज कुमार जाटव, संतोष ओझा, संतोष पाल, सीएल मीणा, राजेश गोयल, राजन तिवारी, अमित गुप्ता, सत्येंद्र सिंह आदि ने भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल एक क्रांतिकारी ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, जल-जंगल-जमीन के संरक्षण और स्वाभिमान के प्रतीक थे। उनके उलगुलान आंदोलन ने अंग्रेजी हुकूमत को हिलाकर रख दिया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने बिरसा मुंडा के सम्मान में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया है।

मल्होत्रा ने कहा की आज हम धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की 151वीं जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन करते हैं। बिरसा मुंडा ने कम उम्र में ही अन्याय के खिलाफ बिगुल फूंका और जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। वे केवल आदिवासी समाज के ही नहीं, बल्कि पूरे देश के युवाओं के प्रेरणा स्रोत हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने भगवान बिरसा मुंडा से प्रेरणा लेते हुए जनजातीय समाज के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। एकलव्य मॉडल स्कूल, वन धन योजना और जनजातीय गौरव दिवस इसी दिशा में उठाए गए कदम हैं।

सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने हमें अत्याचार के सामने झुकना नहीं सिखाया है। उनका जीवन त्याग, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। दिल्ली भाजपा उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का संकल्प लेती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777571 Articles

Share this story