छात्र आंदोलन के समाधान में प्रधानमंत्री की संवेदनशीलता की देश कर रहा सराहना : हर्ष मल्होत्रा

WhatsApp Channel Join Now
छात्र आंदोलन के समाधान में प्रधानमंत्री की संवेदनशीलता की देश कर रहा सराहना : हर्ष मल्होत्रा


छात्र आंदोलन के समाधान में प्रधानमंत्री की संवेदनशीलता की देश कर रहा सराहना : हर्ष मल्होत्रा


नई दिल्ली, 25 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने शनिवार को कहा कि छात्र आंदोलन का समाधान निकालने में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की संवेदनशीलता और संवाद कौशल की आज पूरे देश में सराहना हो रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री द्वारा युवाओं से सुझाव लेकर समाधान निकालने की प्रक्रिया अभूतपूर्व रही और इससे युवाओं के बीच उनका विश्वास और मजबूत हुआ है।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि देश का युवा पहले भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ था, आज भी है और आगे भी उनके साथ रहेगा, क्योंकि उन्होंने युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में स्वयं को खरा साबित किया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं, विशेषकर अरविंद केजरीवाल और राहुल गांधी ने छात्र आंदोलन को हिंसक बनाने के उद्देश्य से भड़काऊ भाषण दिए, जिससे देश की जनता और युवाओं के सामने उनका वास्तविक चेहरा उजागर हो गया।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि जंतर-मंतर क्षेत्र में पुलिस की फेसियल रिकॉग्निशन प्रणाली के माध्यम से 2,500 से अधिक आपराधिक चेहरों की पहचान हुई, जिससे यह स्पष्ट होता है कि आंदोलन में आपराधिक तत्वों ने खतरनाक तरीके से घुसपैठ की थी।

उन्होंने आगे आरोप लगाया कि पूरे आंदोलन के दौरान अरविंद केजरीवाल और राहुल गांधी के बीच राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई दिखाई दी। मल्होत्रा ने कहा कि राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री आवास की सुरक्षा से समझौता करने का प्रयास किया, जबकि अरविंद केजरीवाल शुरुआत से ही जंतर-मंतर पर अशांति फैलाने में लगे थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केजरीवाल द्वारा शुक्रवार शाम सोशल मीडिया पर यह दावा करते हुए साझा किया गया वीडियो कि पुलिस रात में प्रदर्शन स्थल को हटा देगी, भ्रामक था और उसका उद्देश्य हिंसा भड़काना तथा सरकार को बदनाम करना था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story