पंजाब पेपर लीक पर 15–18 दिन बाद सफाई देना 'आफ्टर थॉट', जनता सब समझ रही है : हर्ष मल्होत्रा

WhatsApp Channel Join Now
पंजाब पेपर लीक पर 15–18 दिन बाद सफाई देना 'आफ्टर थॉट', जनता सब समझ रही है : हर्ष मल्होत्रा


नई दिल्ली, 27 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक व पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर पंजाब में कथित पेपर लीक मामले को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल का यह कहना कि पंजाब में कोई परीक्षा पेपर लीक नहीं हुआ ढिठाई है।

हर्ष मल्होत्रा ने सोमवार को एक बयान जारी कर दावा किया कि पिछले 15 दिनों से पूरे देश में पंजाब में फार्मासिस्ट भर्ती परीक्षा के कथित पेपर लीक और इससे पहले भी दो बार परीक्षा पत्र लीक होने की चर्चा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज की खबरें भी सामने आईं।

भाजपा नेता ने कहा कि पंजाब में छात्र लगातार राज्य के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं, लेकिन अरविंद केजरीवाल ने इस मांग को नजरअंदाज किया। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में छात्र आंदोलन को समर्थन देने वाले आआपा नेता पंजाब के मुद्दे पर चुप रहे।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि पिछले शनिवार को जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन समाप्त होने के बाद आम छात्रों और पत्रकारों ने आआपा नेताओं से पंजाब और कर्नाटक में कथित पेपर लीक के मुद्दे पर प्रदर्शन करने को लेकर सवाल किए। उनके अनुसार, इसी दबाव के बाद अरविंद केजरीवाल ने यह बयान दिया कि पंजाब में कोई पेपर लीक नहीं हुआ और उनकी सरकार ने नकल पर रोक लगाई है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पंजाब में फार्मासिस्ट परीक्षा या उससे पहले किसी अन्य परीक्षा का पेपर लीक नहीं हुआ था, तो इस आरोप का खंडन करने में 15 से 18 दिन क्यों लगे। मल्होत्रा ने कहा कि केजरीवाल का यह बयान अपनी सरकार को बचाने के लिए दिया आफ्टर थॉट है, जिसे जनता अच्छी तरह समझ रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story