दीपावली हवन-पूजन में मुख्यमंत्री, विधानसभा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हुए शामिल, समाज में एकात्मता का प्रकाश फैलाने की प्रार्थना की
नई दिल्ली, 07 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली प्रदेश कार्यालय में शनिवार को आयोजित दीपावली हवन-पूजन में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा समेत पार्टी नेता शामिल हुए।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पावन दीपावली हवन-पूजन में सम्मिलित होकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा समस्त समाज के कल्याण और राष्ट्र के मंगल की प्रार्थना की। उन्होंने दिल्ली के सभी परिवारजनों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दी।
मुख्यमंत्री ने प्रभु श्रीराम से दीपोत्सव पर हर घर में सुख-शांति, सद्भाव और समाज में एकात्मता का प्रकाश फैलाने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमारी सनातन संस्कृति, धर्म और लोकमंगल के प्रति संकल्प को और सुदृढ़ करता है।
विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने ईश्वर से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली लेकर आने की प्रार्थना की है। उन्होंने दीपावली के पावन अवसर पर समस्त दिल्लीवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अपने शुभकामना संदेश में विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि दीपावली प्रकाश, खुशियों, सद्भाव और सकारात्मकता का पर्व है। यह त्योहार अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने तथा समाज में प्रेम, भाईचारे और आपसी सौहार्द को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
विजेंद्र गुप्ता ने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे दीपावली के उत्सव के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का उत्तरदायित्व भी निभाएं। दिल्ली में प्रदूषण की चुनौती को देखते हुए नागरिक केवल ग्रीन पटाखों का ही सीमित उपयोग करें तथा वायु और ध्वनि प्रदूषण को कम करने में अपना रचनात्मक योगदान दें।
विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ दिल्ली का निर्माण केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रत्येक व्यक्ति का छोटा-सा प्रयास भी महत्वपूर्ण बदलाव ला सकता है।
विजेंद्र गुप्ता ने कहा, “आइए, इस दीपावली पर खुशियों के दीप जलाएं, पर्यावरण को सुरक्षित रखें और एक स्वच्छ, स्वस्थ एवं प्रदूषण मुक्त दिल्ली का निर्माण करें।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और समस्त समाज के कल्याण और राष्ट्र की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
हर्ष मल्होत्रा ने सभी कार्यालय कर्मियों के साथ भी समय बिताया और उन्हे दीपावली गिफ्ट दिए। दीपावली हवन-पूजन में महामंत्री विष्णु मित्तल, महामंत्री योगिता सिंह, कोषाध्यक्ष सतीश गर्ग, उप महापौर मोनिका पंत, प्रदेश पदाधिकारी विजय सोलंकी, कैलाश जैन, प्रवीण शंकर कपूर, सारिका जैन, ऋचा पांडेय मिश्रा, रंजीत कश्यप, अभिषेक टंडन, अमित गुप्ता, पुनीत अग्रवाल, संतोष पाल, लाजपत राय एवं सीएल मीणा भी सम्मिलित हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

