प्रधानमंत्री पर की गई टिप्पणी को लेकर भाजपा ने केजरीवाल की निंदा की

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री पर की गई टिप्पणी को लेकर भाजपा ने केजरीवाल की निंदा की


नई दिल्ली, 21 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने आम आदमी पार्टी (आआपा) के संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आतंकवादी कहे जाने की कड़ी निंदा की।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने मंगलवार को एक विज्ञप्ति जारी कर केजरीवाल के बयान की निंदा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर दिया गया यह बयान न केवल गलत है बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के स्वाभिमान पर सीधा प्रहार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और आतंकी ढांचे को तोड़ने का काम हुआ।

मल्होत्रा ने कहा कि आज पूरा विश्व जहां भारत को आतंक के खिलाफ सबसे मजबूत आवाज के रूप में देखता है, तो वही विपक्ष में बैठे लोगों को यह बात हजम नही हो रही है। इसलिए वह लगातार प्रधानमंत्री मोदी पर राजनीति कर रहे है।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल कैसे प्रधानमंत्री के लिए ऐसी भाषा का प्रयोग कर सकते है। उन्होंने कहा कि यह सब केजरीवाल की राजनीतिक हताशा, नैतिक पतन और दिल्ली की सत्ता खोने की बौखलाहट को दर्शाता है।

मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली की जनता ने केजरीवाल को 10 साल दिए। लेकिन आआपा ने दिल्ली में भ्रष्टाचार के अलावा कोई काम नही किया।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने अरविंद केजरीवाल से तुरंत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story