भाजपा ने 256 मंडलों में चलाया स्वच्छता अभियान, बाजारों के साथ ही मंदिर परिसरों में नेताओं ने किया श्रमदान
नई दिल्ली, 17 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर बुधवार को दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के सभी 256 संगठन मंडल क्षेत्रों में बाजारों के साथ ही मंदिर परिसरों में आयोजित स्वच्छता अभियान में श्रमदान कर नियमित स्वच्छता के महत्व पर बल दिया।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष के आलावा संगठन महामंत्री पवन राणा, राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, अनेक सांसद, दिल्ली सरकार के मंत्री, विधायक, पार्षद, जिला एवं मंडल अध्यक्ष और पदाधिकारियों ने स्वच्छता अभियान में भागीदारी की।
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने विधायक अभय वर्मा एवं रविन्द्र नेगी, प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता कांगड़ा, निगम पार्षद रामकिशोर शर्मा एवं शाहदरा जिलाध्यक्ष दीपक गाबा के साथ लक्ष्मीनगर विधानसभा में स्वच्छता अभियान की सांकेतिक शुरुआत की और कहा कि स्वच्छता एक निरंतर चलने वाला कार्य है।
हर्ष मल्होत्रा ने दिल्ली नगर निगम के सफाई कर्मियों एवं अन्य निजी सफाई कर्मियों के सेवा कार्य की सराहना की और कहा कि दिल्ली की गलियों सड़कों को साफ रखने के लिए हम सबको कूड़ा इधर उधर ना फेंकने का संकल्प लेना होगा।
मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जब 2014 में पहली बार शपथ दिलाई तो उन्होंने स्वच्छता की बात कही और आज यह एक आंदोलन बन गया है। सेवा ही संगठन के तहत स्वच्छता अभियान पूरे दिल्ली में चलाया जा रहा है और हमने 3500 ऐसे पॉइंट्स नोट किए हैं जहां स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान उनके साथ प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अनिल गुप्ता, लक्ष्मीनगर विधानसभा प्रभारी कैलाश जैन आदि भी उपस्थित रहे।
दिल्ली भाजपा संगठन महामंत्री पवन राणा ने कनाट प्लेस के हनुमान मंदिर के बाहरी परिसर में प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल और अन्य कार्यकर्ताओं के साथ स्वच्छता अभियान चलाया और कहा स्वच्छता एक निरंतर चलने वाला कार्य है जो ना सिर्फ हमें काम करने का एवं रहने का अच्छा वातावरण देता है बल्कि हमारा स्वास्थ्य भी अच्छा रखता है।
इस अवसर पवन राणा एवं विष्णु मित्तल के साथ वरिष्ठ नेता बृजेश राय, सुनील यादव, यासिर जिलानी, रविन्द्र चौधरी एवं राम खिलाड़ी यादव के साथ बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता भी स्वच्छता अभियान में शामिल हुए।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम ने स्थानीय निगम पार्षद मनीष चड्ढा के साथ माता झंडेवालान मंदिर परिसर में स्वच्छता श्रमदान किया और कहा जिस तरह हम अपने मंदिर एवं निजी प्रतिष्ठानों को स्वच्छ रखते हैं वैसे ही हमें दिल्ली की सभी सड़कों को भी स्वच्छ रखना है।
दिल्ली भाजपा के महामंत्री एवं सांसद योगेन्द्र चांदोलिया ने आज भाजपा के महा स्वच्छता अभियान के अंतर्गत रोहिणी के सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल परिसर में स्वच्छता अभियान प्रारम्भ किया। उनके साथ निगम पार्षद नरेन्द्र सिंह, पूनम सैनी एवं धर्मवीर शर्मा भी स्वच्छता अभियान में सम्मिलित हुए।
दिल्ली भाजपा की महामंत्री एवं सांसद कमलजीत सहरावत एवं दिल्ली सरकार में मंत्री डा. पंकज सिंह ने स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ नजफगढ़ स्थित साईं बाबा मंदिर में स्वच्छता कार्य किया।
सांसद मनोज तिवारी ने स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ उत्तर पूर्व दिल्ली संसदीय क्षेत्र के अशोक नगर मेन रोड़ पर स्वच्छता अभियान चलाया। निगम पार्षद संदीप कपूर एवं नवीन शाहदरा जिलाध्यक्ष मास्टर विनोद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी अभियान में सम्मिलित हुए।
दक्षिण दिल्ली से सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कालकाजी के बी ब्लॉक में हंसराज सेठी मार्ग पर आज स्वच्छता अभियान चलाया और तदुपरांत वृक्षारोपण किया। रामवीर सिंह बिधूड़ी एवं दिल्ली सरकार के विकास मंत्री कपिल मिश्रा स्वच्छता अभियान में शामिल हुए। नगर निगम सेंट्रल जोन की अध्यक्ष निगम पार्षद योगिता सिंह, जिलाध्यक्ष माया सिंह बिष्ट और मंडल अध्यक्ष विनीता नवल के साथ हजारों कार्यकर्ता भी अभियान में हुए सम्मिलित।
महापौर प्रवेश वाही पश्चिम दिल्ली के गुरू नानक नगर में स्वंय स्वच्छता कर्मी के रूप में उतरे और कूड़े का एक ढेर साफ करवाया।
दिल्ली जलबोर्ड के उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने छतरपुर से विधायक करतार सिंह तंवर के साथ छतरपुर मंदिर एवं धर्मशाला में विशेष स्वच्छता उत्सव श्रमदान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

