भाजपा ने डीटीसी बसों में लागू पिंक कार्ड को लेकर आआपा के फैलाये भ्रम की निंदा की
नई दिल्ली, 31 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और सांसद कमलजीत सहरावत ने डीटीसी बसों में लागू महिला पिंक कार्ड को लेकर आम आदमी पार्टी (आआपा) के फैलाये जा रहे भ्रम की निंदा की।
सचदेवा और सहरावत ने मंगलवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि आआपा महिला पिंक कार्ड पर राजनीति कर रही है। उन्होंने दिल्ली की महिलाओं से इस भ्रम जाल से सावधान रहते हुए अपने पिंक कार्ड को अपनी सुविधानुसार खूब प्रयोग करने की अपील की।
सचदेवा ने कहा कि विगत कुछ दिनों से कुछ विडियो पत्रकारों का दुरुपयोग करके आम आदमी पार्टी के नेता महिलाओं को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं कि यदि पिंक कार्ड को एक बस में टैब कर लिया तो अगले एक घंटे तक यह दुबारा टैब नहीं होगा।
सचदेवा ने कहा कि यह पूरी तरह दुष्प्रचार है की पिंक कार्ड एक बार प्रयोग किए जाने के बाद एक घंटे तक दुबारा प्रयोग नही हो सकता। उन्होंने कहा कि कल (सोमवार) भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने बस बदल बदल कर जा कर देखा और मात्र आधे घंटे में सफलतापूर्वक तीन बार पिंक कार्ड टैब किया।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने प्रदेश की महिलाओं से कहा कि वह दिल्ली में कहीं भी डीटीसी की शानदार ई-बसों के साथ ही देवी बसों में पिंक कार्ड अथवा पिंक टिकट लेकर यात्रा करें। सचदेवा ने कहा कि लाखों महिलाओं का पिंक कार्ड बनाने में लगने वाले समय को ध्यान में रखते हुए बसों में अगले कुछ माह तक पिंक टिकट भी उपलब्ध रहेंगे और डीटीसी को जनप्रतिनिधि कार्यालयों से भी जनता के बीच जा कर पिंक कार्ड बनाने का निर्देश दिया गया है।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

