आआपा में अंदरूनी कलह तेज, केजरीवाल का नेतृत्व अविश्वसनीय: भाजपा

WhatsApp Channel Join Now
आआपा में अंदरूनी कलह तेज, केजरीवाल का नेतृत्व अविश्वसनीय: भाजपा


आआपा में अंदरूनी कलह तेज, केजरीवाल का नेतृत्व अविश्वसनीय: भाजपा


नई दिल्ली, 03 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी (आआपा) में बढ़ते अंदरूनी असंतोष को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र पूरी तरह खत्म हो चुका है और अरविंद केजरीवाल का नेतृत्व अब अविश्वसनीय हो गया है।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर कहा कि आम आदमी पार्टी में अंदरूनी कलह अब चरम पर पहुंच चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राघव चड्ढा के खिलाफ पार्टी नेताओं से बयान दिलवाकर अरविंद केजरीवाल केवल बाहरी तौर पर एकजुटता दिखाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि वास्तविकता में पार्टी भीतर से बिखर चुकी है।

सचदेवा ने कहा कि राघव चड्ढा का वीडियो बयान इस बात का प्रमाण है कि पार्टी के भीतर संवाद और लोकतंत्र समाप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि जब एक वरिष्ठ सांसद को अपनी बात रखने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लेना पड़े, तो यह पार्टी की आंतरिक स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने कहा कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले स्वाति मालीवाल भी पार्टी नेतृत्व पर सवाल उठा चुकी हैं। इसके अलावा, कई अन्य नेताओं की असहमति भी यह दर्शाती है कि पार्टी के भीतर असंतोष लगातार बढ़ रहा है।

वीरेंद्र सचदेवा नेता ने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी एक व्यक्ति केंद्रित संगठन बन गई है, जहां विचारों की स्वतंत्रता और आंतरिक लोकतंत्र के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि जो नेता स्वतंत्र राय रखते हैं, उन्हें या तो किनारे कर दिया जाता है या दबाने का प्रयास किया जाता है।

सचदेवा ने कहा कि राघव चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता पद से हटाना और उनके अधिकार सीमित करना इस बात का संकेत है कि पार्टी नेतृत्व आलोचना से डरता है।

उन्होंने कहा कि अगर अरविंद केजरीवाल में नैतिक साहस होता, तो वे असहमति रखने वाले नेताओं से संवाद करते, लेकिन इसके विपरीत उनके फैसले उनकी कमजोर नेतृत्व शैली को दर्शाते हैं।

अंत में उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जिन सिद्धांतों पारदर्शिता, जवाबदेही और लोकतंत्र पर बनी थी, वे अब पूरी तरह समाप्त हो चुके हैं और दिल्ली की जनता अब पार्टी की वास्तविकता समझ चुकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story