जन्मदिन पार्टी में हुई बेइज्जती का बदला लेने के लिए युवक की हत्या, चार नाबालिग पकड़े
नई दिल्ली, 25 अक्टूबर (हि.स.)। जन्मदिन की पार्टी में हुई बेइज्जती और मारपीट का बदला लेने के लिए चार नाबालिगों ने युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात बाहरी उत्तरी जिले के सिरसपुर स्थित जीवन पार्क इलाके की है। मृतक की पहचान विशाल (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या के मामले में चारों नाबालिगों को पकड़ा है। सभी की उम्र 17 साल है और वे स्कूल छोड़ चुके हैं। पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल दो चाकू और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस ने 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालकर वारदात के 12 घंटे के भीतर ब्लाइंड मर्डर केस सुलझाने का दावा किया है।
पुलिस के मुताबिक 23 अक्टूबर की रात समयपुर बादली थाने को पीसीआर कॉल मिली थी। इसमें बताया गया कि सिरसपुर के जीवन पार्क में गली नंबर-16 स्थित संडे बाजार चौक के पास चार से पांच हमलावरों ने एक युवक को चाकू मार दिया है। पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां खून के निशान मिले। स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि विशाल नाम के युवक पर कई लोगों ने हमला किया है। उसे पहले ही डॉ. बीएसए अस्पताल पहुंचाया जा चुका था।
अस्पताल में डॉक्टरों की रिपोर्ट में विशाल के बाएं कूल्हे, छाती के दोनों तरफ और पेट पर चाकू से कई वार किए जाने की पुष्टि हुई। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने हत्या के आरोप में दर्ज मामले में संबंधित कानूनी धाराएं बदलकर जांच शुरू की। मामले में आरोपियों की पहचान नहीं होने के कारण पुलिस के सामने चुनौती थी। जांच टीम ने जीवन पार्क की संकरी गलियों और आसपास के इलाकों में लगे 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में चार लोग वारदात के बाद भागते हुए दिखाई दिए। आरोपियों का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने नहीं आया था, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ और खुफिया जानकारी के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद सिरसपुर इलाके में तलाशी अभियान चलाकर चारों नाबालिगों को पकड़ लिया गया। पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई वारदात के 12 घंटे के भीतर की गई।
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या की वजह पुरानी रंजिश सामने आई है। पूछताछ में नाबालिगों ने कथित तौर पर बताया कि कुछ महीने पहले वे जन्मदिन मना रहे थे। उसी दौरान विशाल अपने दोस्तों के साथ वहां पहुंचा था। आरोप है कि विशाल और उसके दोस्तों ने उन्हें अपमानित किया और उनमें से एक के साथ मारपीट की थी।
पुलिस के मुताबिक इस घटना के बाद से चारों के मन में बदला लेने की भावना थी। उन्होंने कथित तौर पर विशाल की दिनचर्या पर नजर रखनी शुरू कर दी। उन्हें पता था कि वह देर रात काम से घर लौटता है। इसी जानकारी के आधार पर 23 की रात उसे रास्ते में घेर लिया गया और चाकू से कई वार किए गए।
पुलिस ने चारों नाबालिगों के पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो चाकू और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। इनकी फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या में किसकी क्या भूमिका थी। सभी चारों नाबालिगों की उम्र 17 साल है और वे स्कूल छोड़ चुके हैं। मामले में किशोर न्याय कानून के तहत जरूरी कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

