बिहार स्थापना दिवस पर दिल्ली सचिवालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
बिहार स्थापना दिवस पर दिल्ली सचिवालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन


बिहार स्थापना दिवस पर दिल्ली सचिवालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन


नई दिल्ली, 23 मार्च (हि.स.)। बिहार स्थापना दिवस को लेकर दिल्ली सचिवालय में सोमवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने दिल्ली सरकार की ओर से ज्ञान, संस्कृति, धर्म और क्रांति की भूमि बिहार के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। बिहार राज्य का गठन 22 मार्च 1912 में हुआ था।

कार्यक्रम का आयोजन कला, संस्कृति एवं भाषा की ओर से साहित्य कला परिषद ने किया। इसमें बिहार का पारंपरिक झिझिया नृत्य का प्रदर्शन कलाकारों ने किया। साथ ही भोजपुरी और मैथिली में संगीत एवं नृत्य प्रस्तुतियां हुईं।

कपिल मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ संकल्प की दिशा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली में सभी राज्यों के स्थापना दिवस मनाए जा रहे हैं। राष्ट्रीय एकता मजबूत होने के साथ भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत को एक मंच पर लाने का कार्य किया जा रहा है।

कपिल मिश्रा ने कहा कि इसी क्रम में आज भगवान बुद्ध की ज्ञानस्थली और भगवान महावीर की तपस्थली बिहार का स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। विश्व को शांति और सुशासन का संदेश देने वाला बिहार, भारत की गौरवशाली विरासत और उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक है। बिहार की समृद्ध संस्कृति और यहां की भाषा—भोजपुरी, मैथिली और मगही—हमारी सांस्कृतिक धरोहर हैं। छठ पूजा जैसे पवित्र पर्व बिहार की आस्था, अनुशासन और प्रकृति के प्रति सम्मान का अद्भुत उदाहरण हैं। दिल्ली सरकार ने पिछले साल भव्य छठ पूजा का आयोजन किया। पहली बार मॉडल छठ घाट बनाये गए और श्रद्धालुओं को कई वर्षों बाद यमुना घाट पर पूजन का अवसर मिला। पूर्ववर्ती सरकार में यमुना घाट पर छठ पूजा करने पर श्रद्धालुओं पर किए गए मुकदमे भी हमारी सरकार ने वापस लिए। आने वाले वर्षों में छठ पर्व की भव्यता और बढ़ती जाएगी।

कार्यक्रम में भोजपुरी और मैथिली भाषा में गीत-संगीत एवं लोकनृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। विशेष रूप से बिहार के प्रसिद्ध लोकनृत्य झिझिया का मनमोहक प्रदर्शन किया गया। झिझिया नृत्य, जो मुख्यतः नवरात्रि के दौरान किया जाता है, देवी दुर्गा की आराधना और समृद्धि की कामना से जुड़ा है। आयोजन में लगभग 20 कलाकारों ने हिस्सा लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story