'भारत गौरव रत्न श्री सम्मान' समारोह में 150 से अधिक हस्तियां हुईं सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now


नई दिल्ली, 31 मार्च (हि.स.)। भारत गौरव रत्न श्री सम्मान परिषद (बीजीआरएसएससी) ने राजधानी में एक होटल में 'भारत गौरव रत्न श्री सम्मान' समारोह आयोजित किया। जहां 150 से अधिक हस्तियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान देश में समाज सेवा, शिक्षा, उद्यमिता, कला, लोक सेवा और सामुदायिक विकास जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को प्रदान किया गया।

इस समारोह में मुख्यातिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम कल्याण परिषद के पूर्व अध्यक्ष एवं मंत्री सुनील भराला, विभिन्न देशों के राजदूतों सहित कई गणमान्य उपस्थित थे। यह आयोजन उन प्रेरणादायक व्यक्तित्वों को समर्पित रहा, जो जमीनी स्तर पर सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान परिषद के अध्यक्ष तपन कुमार रौतरी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य ऐसे लोगों को पहचान देना है, जो ईमानदारी और सेवा भाव के साथ समाज में बदलाव ला रहे हैं। यह मंच उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वालों को सम्मानित करने के लिए समर्पित है।

परिषद की सीईओ कविता बजाज ने कार्यक्रम को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि एक ही मंच पर 150 से अधिक सफल व्यक्तियों का एकत्र होना देश की प्रतिभा और विविधता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल उपलब्धियों का सम्मान करता है, बल्कि दूसरों को प्रेरणा भी देता है।

यह समारोह उत्कृष्टता, नेतृत्व और समर्पण का जीवंत उदाहरण बनकर उभरा, जिसने उन लोगों के कार्यों को सराहा जो अक्सर सुर्खियों से दूर रहकर समाज को बेहतर बनाने में लगे रहते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story