लूटपाट का विरोध करने पर चाकू घोपकर की थी हत्या, दो गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
लूटपाट का विरोध करने पर चाकू घोपकर की थी हत्या, दो गिरफ्तार


लूटपाट का विरोध करने पर चाकू घोपकर की थी हत्या, दो गिरफ्तार


नई दिल्ली, 20 फ़रवरी (हि.स.)। रोहिणी जिले के बेगमपुर थाना पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए महज 72 घंटे के भीतर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू, ग्रे रंग की होंडा एक्टिवा स्कूटी, खून से सने कपड़े और मृतक व प्रत्यक्षदर्शी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि 16 फरवरी की शाम करीब 6:56 बजे थाना बेगमपुर को सूचना मिली कि सेक्टर-23 स्थित पेट्रोल पंप के पास मैदान में एक युवक सीने पर चाकू के वार से घायल अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच में मृतक की पहचान अमरनाथ यादव के रूप में हुई। घटना में श्रीराम यादव नामक युवक भी घायल हुआ, जिसका मोबाइल फोन आरोपितों ने लूट लिया था।

पुलिस ने इस मामले में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव रंजन के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। क्राइम और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। आसपास के रेहड़ी-पटरी वालों, कबाड़ी और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई।

तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि घटना के समय एक ग्रे रंग की स्कूटी पर दो संदिग्ध युवक इलाके में घूम रहे थे। दोनों मंगेराम पार्क और सरदार कॉलोनी क्षेत्र के रहने वाले और नशे के आदी बताए गए। पुलिस ने 19 फरवरी को रोहित (29) निवासी मंगेराम पार्क को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथी दुर्गेश उर्फ दुर्गी (23) निवासी पॉकेट-2, सेक्टर-23, रोहिणी का नाम बताया। बाद में दुर्गेश को भी उसके ठिकाने से दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, होंडा एक्टिवा स्कूटी, दोनों मोबाइल फोन और वारदात के समय पहने खून से सने कपड़े बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे लूट की योजना बनाकर निकले थे। विरोध करने पर अमरनाथ यादव पर चाकू से हमला कर दिया और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।

पुलिस अधिकारी के अनुसार गिरफ्तार रोहित पर चोरी, झपटमारी और लूट के आठ मामले दर्ज हैं। जबकि दुर्गेश पर लूट, झपटमारी और मारपीट के नौ मामले दर्ज हैं। पुलिस आगे की जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story