सूरजपुर : प्रधानमंत्री आवास योजना में तेजी लाने गांव-गांव लग रही 'आवास चौपाल'
सूरजपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत आवासों का निर्माण तेजी से पूरा कराने के लिए आज बुधवार को भैयाथान विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों में 'आवास चौपाल' का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया।
कलेक्टर रेना जमील और जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले के निर्देश पर एसडीओ अमित ताम्रकार के नेतृत्व में आयोजित चौपाल में तकनीकी अधिकारियों की टीम भी मौजूद रही। अभियान का उद्देश्य हितग्राहियों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर आवास निर्माण कार्य में तेजी लाना है।
चौपाल के दौरान एसडीओ अमित ताम्रकार ने हितग्राहियों से आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी ली और उन्हें जल्द से जल्द अपना पक्का मकान पूरा करने के लिए प्रेरित किया। जिन हितग्राहियों का निर्माण कार्य विभिन्न कारणों से रुका हुआ था, उन्हें शीघ्र कार्य शुरू करने और समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि कई बार तकनीकी, प्रशासनिक या राशि आहरण से जुड़ी समस्याओं के कारण निर्माण कार्य प्रभावित होता है। ऐसे मामलों में अधिकारियों को मौके पर ही समाधान करने और जिन समस्याओं का तत्काल निराकरण संभव नहीं है, उनके लिए निश्चित समय-सीमा तय करने के निर्देश दिए गए।
आवास चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और हितग्राहियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। प्रशासन की इस पहल से ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला और उम्मीद जताई जा रही है कि भैयाथान विकासखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्यों में अब तेजी आएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

