वर्ल्ड हेड इंजरी डे पर जागरूकता अभियान

WhatsApp Channel Join Now
वर्ल्ड हेड इंजरी डे पर जागरूकता अभियान


नई दिल्ली, 20 मार्च (हि.स.)। वर्ल्ड हेड इंजरी डे के मौके पर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर अनोखा जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने सख्ती के बजाय संवेदनशील पहल करते हुए दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट के साथ गुलाब भेंट कर ट्रैफिक नियमों के पालन का संदेश दिया। 16 मार्च से 20 मार्च तक चले इस विशेष अभियान का समापन बाबा खड़क सिंह मार्ग स्थित ट्रैफिक ट्रेनिंग पार्क में हुआ, जहां वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित किया गया।

अभियान के दौरान संयुक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) संजय कुमार त्यागी, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त विजयंता आर्या, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दिनेश कुमार गुप्ता समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वाईएमसीए और वाईएमसीए के करीब 80 छात्रों ने भी कार्यक्रम में भागीदारी की।

अभियान के तहत दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन और डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल के विशेषज्ञों ने सिर की चोटों के गंभीर प्रभावों पर जागरूकता सत्र आयोजित किए। साथ ही सोशल मीडिया पर भी एक व्यापक अभियान चलाया गया। जिसमें सड़क हादसों से बचे लोगों के अनुभव साझा किए गए और हेलमेट के महत्व को रेखांकित किया गया।

यह अभियान राजधानी के कई प्रमुख स्थानों अपोलो अस्पताल चिराग दिल्ली, पीतमपुरा, अशोक विहार, मायापुरी चौक, पीरागढ़ी, झंडेवालान, नजफगढ़, पंजाबी बाग, आजादपुर, तिलक नगर और करोल बाग में चलाया गया।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, सड़क हादसों में अधिकांश मौतें हेलमेट न पहनने के कारण होती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए सख्त कार्रवाई भी की गई। अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ 17,415 चालान किए गए। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके और दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम किया जा सके।

इस दौरान पुलिसकर्मियों ने सख्ती के बजाय संवेदनशील पहल करते हुए दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट के साथ गुलाब भेंट कर ट्रैफिक नियमों के पालन का संदेश दिया। स्पेशल कमिश्नर नीरज ठाकुर के मार्गदर्शन में ट्रैफिक पुलिस की छह रेंज में यह अभियान चलाया गया। साउथर्न रेंज में डीसीपी संदीप गुप्ता के नेतृत्व में एसीपी राजेंद्र प्रसाद और ट्रैफिक इंस्पेक्टर अनंत गुंजन की टीम ने चिराग दिल्ली चौराहे पर विशेष अभियान चलाया। यहां बिना हेलमेट चल रहे वाहन चालकों को रोका गया, उन्हें हेलमेट पहनने के फायदे बताए गए और नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

वहीं वेस्टर्न रेंज में पुलिस उपायुक्त सतीश कुमार के नेतृत्व में एसीपी रविंदर पंडित और नजफगढ़ सर्कल इंस्पेक्टर सुशील कुमार ने ढांसा स्टैंड स्थित पेट्रोल पंप पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। यहां भी वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए गए और गुलाब देकर सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हेलमेट पहनना न सिर्फ कानूनी अनिवार्यता है, बल्कि यह दुर्घटना के समय जीवन बचाने का सबसे प्रभावी उपाय भी है। इस अभियान के दौरान हजारों वाहन चालकों को जागरूक किया गया। पुलिस की इस पहल को आम लोगों ने सराहा और भविष्य में ट्रैफिक नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story