दिल्ली सचिवालय में ‘मनुष्यता के पथ प्रदर्शक श्रीराम’ कला प्रदर्शनी का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली सचिवालय में ‘मनुष्यता के पथ प्रदर्शक श्रीराम’ कला प्रदर्शनी का आयोजन


दिल्ली सचिवालय में ‘मनुष्यता के पथ प्रदर्शक श्रीराम’ कला प्रदर्शनी का आयोजन


नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली सचिवालय में ‘मनुष्यता के पथ प्रदर्शक श्रीराम’ विषय पर कला प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कला प्रदर्शनी 30 अक्टूबर तक चलेगी। इसका आयोजन दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग के तत्वावधान में मेघवर्ण आर्ट गैलरी के संयुक्त सहयोग हो रहा है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कला प्रदर्शनी में भगवान श्रीराम के जीवन-वृत्त पर आधारित अद्भुत एवं मनमोहक चित्रों को प्रस्तुत करने वाले सभी कलाकारों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दुर्गा नवमी के पावन अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए मां दुर्गा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। साथ ही भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनी कला के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने वाले कलाकारों के रचनात्मक योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम में उपस्थित कला, संस्कृति एंव भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी में देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने भगवान श्रीराम के जीवन और उनसे जुड़े प्रसंगों को अपनी चित्रकलाकृतियों के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया है। इन कलाकृतियों की प्रदर्शनी इससे पूर्व श्रीराम जन्मभूमि में भी आयोजित की जा चुकी है। दिल्ली सचिवालय में 30 अक्टूबर तक चलने वाली यह प्रदर्शनी लोगों को भारतीय संस्कृति और श्रीराम के आदर्शों से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगी।

कपिल मिश्रा ने कहा कि यह प्रभु श्रीराम का कार्यक्रम है और राम भक्तों ने इसका आयोजन किया है। धार्मिक परंपराओं और आस्था का सम्मान करते हुए ऐसे कार्यक्रम पूरे उत्साह के साथ आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श, मर्यादा और राष्ट्रधर्म भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा के अभिन्न अंग हैं और ऐसे आयोजन आने वाली पीढ़ियों को सांस्कृतिक विरासत एवं मानवीय मूल्यों से जोड़ने की प्रेरणा देते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763588 Articles

Share this story