भारत विरोधियों की बर्बादी का दौर अभी लंबा चलेगा : कपिल मिश्रा

WhatsApp Channel Join Now
भारत विरोधियों की बर्बादी का दौर अभी लंबा चलेगा : कपिल मिश्रा


नई दिल्ली, 17 जून (हि.स.)। दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि देशद्रोहियों, जिहादियों, आतंकियों, टुकड़े-टुकड़े गैंग, नक्सलवादियों और भारत के विरोध में सोचने वालों की बर्बादी का यह दौर लंबा चलेगा। यह बात कपिल मिश्रा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 12 साल के गौरवपूर्ण कार्यकाल पूरे होने के उपलक्ष्य में सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी के साथ कालकाजी में स्वच्छता अभियान में सहभागिता और वृक्षारोपण कार्यक्रम के बाद कही।

ओ-जोन के मुद्दे पर विपक्ष द्वारा चलाये जा रहे हस्ताक्षर अभियान पर कपिल मिश्रा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उनके मंत्रियों और उनकी सरकार ने ओ-जोन में रहने वाले लोगों के साथ विश्वासघात किया, उनकी पीठ पर खंजर भोंकने का पाप किया। 2014 में मामला सामने आने के बाद 11 साल तक केजरीवाल स्वयं कुर्सी पर बैठे रहे, लेकिन कोई समाधान नहीं किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में पूरी सरकार संकल्पित है कि ओ-जोन के नाम पर किसी भी मकान की एक भी ईंट नहीं हिलने देगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष को अपनी राजनीति चमकाने के लिए जनता को गुमराह नहीं करना चाहिए।

कपिल मिश्रा ने कहा कि वर्तमान पीढ़ी सौभाग्यशाली है कि अपनी आंखों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कार्यकाल देख रही है। यह भारत के परिवर्तन का कालखंड है, आने वाले समय में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में गरीब कल्याण की नीतियों, महिला, युवा और किसानों का सशक्तिकरण, आत्मनिर्भर भारत, देश की मजबूत सुरक्षा के लिए उठाये गए क़दमों को विकसित भारत के आधार के रूप में देखा जाएगा।

कपिल मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत’ का जो संकल्प दिया है वह जन आंदोलन बन चुका है, इसी दिशा में आज पूरी दिल्ली में दिल्लीवासियों के साथ भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ता, पदाधिकारीगण और जन प्रतिनिधि स्वच्छता अभियान में सहभागिता करते हुए पौधारोपण कर रहे हैं।

कार्यक्रम में निगम पार्षद योगिता सिंह और भाजपा जिला अध्यक्ष माया सिंह बिष्ट भी उपस्थित रहीं। कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने दिल्ली वासियों से विकसित दिल्ली संकल्प की दिशा में अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने के लिए अन्य लोगों को भी प्रेरित करने और मानसून में लगातार पौधारोपण का आग्रह किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story