नाबालिग का शव पहुंचते ही फूटा लोगों का गुस्सा, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now


नई दिल्ली, 02 जून (हि.स.)। अमर कॉलोनी स्थित रेस्टोरेंट में अपनी सहपाठी छात्रा के साथ खाना खाने पहुंचे नाबालिग सांई कुमार (17) की सिर में गोली मारकर की गई हत्या के बाद मंगलवार को जब शव छत्तरपुर एन्क्लेव स्थित घर पहुंचा तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नाबालिग को इंसाफ की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया तथा पुलिस बेरीकेडिंग तोडक़र सडक़ जाम पर सांई के हत्यारों को फांसी देने की मांग की। वहीं वारदात के मुख्य नाबालिग आरोपित को पकड़ने करने वाली क्राइम ब्रांच कानूनी प्रावधानों के तहत उसके खिलाफ वयस्क की तरह मुकदमा चलाए जाने के लिए बाल न्यायालय में अपील दाखिल करने की तैयारी में है। क्राइम ब्रांच ने इस मामले में एक राजनैतिक दल के नेता के रिश्तेदार समेत दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक अन्य आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

गौरतलब है कि 12वीं कक्षा में पढ़ने वाला सांई कुमार 28 मई को अपनी एक सहपाठी के साथ अमर कॉलोनी स्थित रेस्टोरेंट में गया था। वहां लडक़ी को घूरने तथा कुर्सी टच करने को लेकर सांई कुमार का कार में सवार होकर पहुंचे तीन युवकों से कहासुनी हो गई थी। इसके बाद एक आरोपी ने कार से पिस्टल निकालकर सांई के सिर में गोली मार दी थी। एम्स में सोमवार को उपचार के दौरान सांई की मौत हो गई।

हत्यारों को फांसी देने की मांग

मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद सांई कुमार का शव जब छत्तरपुर एन्क्लेव स्थित उसके घर पहुंचा तो वहां सैकड़ों की तादात में लोग इकट्ठा हो गए। परिजनों के साथ लोग सांई के हत्यारों को फांसी देने या एन्काउंटर करने की मांग कर रहे थे। सांई की दादी का कहना था कि उन्होंने बड़े प्यार और दुलार से बच्चे को पाला था। मगर, उसे बिना वजह गोली मार दी गई। पोते के लिए इंसाफ की गुहार लगाते हुए उन्होंने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए। लोगों को मुख्य मार्ग पर आने से रोकने के लिए पुलिस ने बेरीकेडिंग कर रखी थी, लेकिन गुस्साए लोग बेरीकेडिंग तोड़ते हुए सीडीआर चौक पर जुट गए। प्रदर्शनकारियों में बड़ी संख्या महिलाओं की थी। पुलिस अधिकारियों ने किसी तरह से लोगों को समझा बुझाकर जाम हटवाया। इससे कुछ समय के लिए सडक़ पर अफरा तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। अधिकारियों के समझाने के बाद परिजन शव का अंतिम संस्कार करने को राजी हुए।

क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई थी जांच

घटना के अगले ही दिन क्राइम ब्रांच ने वारदात को अंजाम देने वाले सांई को गोली मारने वाले आरोपित नाबालिग को पकड़ लिया था। इसके बाद मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई थी। मामले में यश और जय कुमार को भी पकड़ लिया गया है। एक फरार आरोपित की तलाश की जा रही है। क्राइम ब्रांच के डीसीपी हर्ष इंदौरा ने बताया कि वारदात में नाबालिग समेत चार लोग शामिल थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए कानूनी प्रावधान के तहत नाबालिग पर बालिग की तरह मुकदमा चलाए जाने के लिए बाल न्यायालय में अपील दाखिल करने पर विचार किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story