नितिन नवीन का डीपफेक वीडियो वायरल, दिल्ली भाजपा ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
नई दिल्ली, 23 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के कथित फर्जी बयान सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने के मामले में दिल्ली भाजपा ने दिल्ली पुलिस में आपराधिक शिकायत दर्ज कराई है। भाजपा ने आरोप लगाया कि 22 नवंबर को चंडीगढ़ में आयोजित जनसभा के वास्तविक वीडियो के साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और डीपफेक तकनीक के माध्यम से छेड़छाड़ कर भ्रामक वीडियो तैयार किया गया और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को मध्य जिले के पुलिस उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर शिकायत सौंपी।
प्रतिनिधिमंडल में सांसद प्रवीन खंडेलवाल, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश भाटिया, प्रदेश मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर और प्रदेश लीगल प्रमुख अधिवक्ता संकेत गुप्ता शामिल रहे।
शिकायत के अनुसार सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में समाचार एजेंसी एएनआई की वास्तविक वीडियो कवरेज जैसी दिखने वाली रिकॉर्डिंग का इस्तेमाल कर कथित तौर पर डिजिटल छेड़छाड़ की गई। इसमें भारत-चीन संबंधों, पाकिस्तान, शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सम्मेलन और स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस एमके-1 जैसे संवेदनशील विषयों पर नितिन नवीन के नाम से ऐसे बयान प्रसारित किए गए, जो भाजपा के अनुसार उन्होंने अपने वास्तविक संबोधन में नहीं दिए थे।
पुलिस को शिकायत सौंपने के बाद हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि राजनीतिक विरोध और वैचारिक मतभेद लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा हैं, लेकिन तकनीक का दुरुपयोग कर किसी नेता के नाम से फर्जी भाषण तैयार करना और उसे वास्तविक बताकर प्रसारित करना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के दायरे में नहीं आता। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति का अधिकार है, लेकिन डिजिटल जालसाजी और दुष्प्रचार का कोई औचित्य नहीं है।
भाजपा ने अपनी शिकायत में भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों के तहत जांच और कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने पुलिस से प्राथमिकी दर्ज करने, संबंधित सोशल मीडिया खातों की पहचान करने, उनके आईपी लॉग और अन्य डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखने तथा मूल एएनआई वीडियो और कथित छेड़छाड़ वाले वीडियो का साइबर फॉरेंसिक परीक्षण कराने का अनुरोध किया है। इसके अलावा वीडियो तैयार करने और प्रसारित करने में शामिल लोगों की पहचान कर संबंधित सोशल मीडिया मंचों से विवादित सामग्री हटाने की कार्रवाई करने की मांग भी की गई है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता का इस्तेमाल नवाचार और जनकल्याण के लिए होना चाहिए, न कि फर्जी बयान तैयार कर राष्ट्रीय नेतृत्व की छवि खराब करने और जनता के बीच भ्रम फैलाने के लिए। पार्टी ने मामले में शामिल लोगों और किसी संगठित नेटवर्क की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

