अजमेरी गेट में घर की रसोई में लगी आग, दो सगे भाई झुलसे

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 26 जून (हि.स.)। मध्य दिल्ली के अजमेरी गेट इलाके में एक मकान की रसोई में आग लगने से दो सगे भाई झुलस गए। दोनों को स्थानीय लोगों और पीसीआर की मदद से लोकनायक जयप्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। दिल्ली दमकल के अनुसार, गुरुवार रात करीब 11:25 बजे जीबी रोड के पीछे मोहल्ला नित्यारियान, अजमेरी गेट स्थित एक मकान में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही घर में मौजूद दो भाई आग की चपेट में आकर झुलस चुके थे। स्थानीय लोगों और पीसीआर की मदद से दोनों को तत्काल एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। अधिकारियों के अनुसार आग केवल मकान की रसोई तक ही सीमित रही, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में 14 वर्षीय वारिस करीब 35 प्रतिशत और उसका 18 वर्षीय भाई फरीद करीब 20 प्रतिशत तक झुलस गया। अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार दोनों का उपचार जारी है और उनकी हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस और दिल्ली फायर सर्विस की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि आग किस कारण से लगी। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या रसोई में गैस रिसाव जैसे सभी संभावित कारणों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story