भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय के बाहर किया विरोध प्रदर्शन
नई दिल्ली, 21 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में शनिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन भारत मंडपम में आयोजित एआई शिखर सम्मेलन के दौरान युवा कांग्रेस के द्वारा किए गए विरोध के खिलाफ किया जा रहा है।
भाजपा नेताओं, सांसदो और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस कार्यक्रम के दौरान विरोध प्रदर्शन कर युवा कांग्रेस ने देश की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि राहुल गांधी इतने निम्न स्तर पर उतर आए हैं कि प्रधानमंत्री का विरोध करते-करते अब देश का विरोध करने लगे हैं। एआई शिखर सम्मेलन कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं था, बल्कि यह एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का आयोजन था, जिसमें पूरी दुनिया भारत की एआई शक्ति को देख रही थी।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि ऐसे आयोजनों से भारत की तकनीकी और नवाचार क्षमता को वैश्विक मंच पर मजबूती मिलती है और इस तरह के विरोध प्रदर्शन से देश की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण है।
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि देश की जनता इस कृत्य के लिए कांग्रेस को माफ नहीं करने वाली है पूरा विश्व भारत की एआई क्षमता को सलाम कर रहा है और ऐसे समय में सम्मेलन को बदनाम करने की कोशिश देशद्रोह के समान है।
मनाेज तिवारी ने कहा कि एआई शिखर सम्मेलन में 80 से अधिक देशों के लोग आए और सभी ने भारत के प्रयासों की खुले दिल से सराहना की है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

