सुभाष नगर मेट्रो रेड लाइट के पास हादसा, स्कूटी सवार युवक की मौत
नई दिल्ली, 21 फ़रवरी (हि.स.)। पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना सुभाष नगर मेट्रो रेड लाइट के पास, नजफगढ़ रोड पर राजौरी गार्डन की ओर जाने वाली लेन में हुई।
पुलिस के अनुसार तड़के 3:26 बजे दुर्घटना और एक युवक के घायल होने की सूचना पीसीआर कॉल के माध्यम से तिलक नगर थाना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हालत में मिले।
हादसे में घायल युवक की पहचान रघुबीर नगर निवासी हेम शंकर (25) के रूप में हुई। पुलिस युवक को तुरंत दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वह ई-स्कूटी पर सवार था और एक निजी डिलीवरी कंपनी में कार्यरत था। पुलिस अधिकारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पीछे से आ रही वर्ना कार ने ई-स्कूटी को टक्कर मारी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने मौके से कार चालक मोहित कुमार (27) को पकड़ा। वह नजफगढ़ का रहने वाला और एमसीडी में ठेकेदार है। दुर्घटना में शामिल कार को जब्त कर लिया गया है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय वाहन की रफ्तार कितनी थी और चालक नशे में तो नहीं था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

