डूसू में घोषणापत्र के लिए सुझाव मांगने हेतु अभाविप ने लॉन्च की वेबसाइट
नई दिल्ली, 04 सितंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने आगामी दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव में छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित करने और अपने चुनावी घोषणापत्र के निर्माण के लिए छात्रों से सीधे सुझाव आमंत्रित करने हेतु एक विशेष वेबसाइट लॉन्च की।
छात्र Dusumanifesto.in पर जाकर अपनी समस्याओं, आवश्यकताओं और विश्वविद्यालय के विकास से जुड़े सुझाव सीधे अभाविप तक पहुंचा सकेंगे। इन सुझावों के आधार पर छात्र हितों को केंद्र में रखते हुए आगामी छात्रसंघ चुनाव के लिए घोषणापत्र तैयार किया जाएगा।
अभाविप के अनुसार, छात्रसंघ चुनाव केवल चुनाव लड़ने का माध्यम नहीं, बल्कि छात्रों की समस्याओं और आकांक्षाओं को विश्वविद्यालय प्रशासन तक पहुंचाने का एक सशक्त मंच है। इसी उद्देश्य के साथ संगठन ने छात्रों को घोषणापत्र निर्माण की प्रक्रिया में प्रत्यक्ष रूप से शामिल करने का निर्णय लिया है। अभाविप का प्रयास है कि दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रत्येक छात्र की आवाज को घोषणापत्र में उचित स्थान मिले और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि अभाविप हर छात्र से सुझाव लेकर उनके हितों के लिए कार्य करती है। छात्रों की समस्याएं और अपेक्षाएं ही परिषद की प्राथमिकता हैं। अभाविप का प्रयास है कि दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रत्येक छात्र की आवाज को घोषणापत्र में उचित स्थान मिले और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

