अभाविप ने डूसू चुनाव के लिए जारी की 13 संभावित प्रत्याशियों की सूची, कल से शुरू होगा प्री-कैंपेन

WhatsApp Channel Join Now
अभाविप ने डूसू चुनाव के लिए जारी की 13 संभावित प्रत्याशियों की सूची, कल से शुरू होगा प्री-कैंपेन


नई दिल्ली, 31 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) आगामी चुनाव को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने 13 संभावित प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। सूची में आलोक अत्री, आयुषी शर्मा, ईशु मौर्य, कृष्ण यादव, लक्ष्य राज सिंह, नितिन तंवर, प्रियांशु महामना, रिया छावड़ी, रिया मलिक, सनी डेढ़ा, तान्या मावी, वरुण यादव और यश डबास के नाम शामिल हैं।

अभाविप के बताया कि सभी संभावित प्रत्याशी एक सितंबर से दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न परिसरों में प्री-कैंपेन अभियान शुरू करेंगे। इस दौरान वे विश्वविद्यालय के 47 महाविद्यालयों और 5 विभागों में जाकर छात्रों से प्रत्यक्ष संवाद करेंगे। अभियान के तहत छात्रों की अपेक्षाओं, आकांक्षाओं और सुझावों को जाना जाएगा, जिन्हें आगामी छात्रसंघ चुनाव के घोषणा पत्र में शामिल करने पर विचार किया जाएगा।

संगठन ने कहा सूची में ऐसे कार्यकर्ताओं को स्थान दिया गया है, जो वर्षभर छात्रों के बीच सक्रिय रहे हैं, संगठनात्मक रूप से मजबूत हैं और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष करते रहे हैं। यह प्री-कैंपेन अभियान करीब एक सप्ताह तक चलेगा।

अभाविप के बताया कि 10 सितंबर तक प्रत्याशियों को नामांकन दाखिल करना होगा, जबकि 11 सितंबर को दोपहर 12 बजे नामांकन वापस लेने की अंतिम समय-सीमा है। इसके बाद 11 सितंबर को ही अभाविप की चुनाव समिति डूसू के केंद्रीय पैनल के चार पदों के लिए आधिकारिक प्रत्याशियों की घोषणा करेगी।

अभाविप दिल्ली प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि प्री-कैंपेन के माध्यम से संगठन के कार्यकर्ता वर्षभर की गतिविधियों और छात्र हित में किए गए कार्यों को विद्यार्थियों तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि अभाविप समर्थित डूसू ने पिछले कार्यकाल में ग्रेट डूसू इंटर्नशिप, केंद्रीकृत हॉस्टल प्रणाली, महिला सुरक्षा के लिए पिंक बूथ और सीसीटीवी कैमरों सहित कई पहल की हैं।

उन्होंने कहा कि इस बार दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र अभाविप को 4-0 से जीत दिलाकर एक मजबूत छात्रसंघ का गठन करेंगे।

उल्लेखनीय है कि डूसू चुनाव 18 सितंबर को और मतगणना 19 सितंबर को प्रस्तावित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story